हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस जांच के बीच सोशल मीडिया पर एक और पोस्ट सामने आने से हलचल मच गई है। बृहस्पतिवार शाम सोनीपत के गोगी गिरोह से जुड़े बताए जा रहे भोलू शाहपुरिया के नाम से बनाई गई इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट डाली गई। इसमें दावा किया गया कि अंकित हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए सुमित और मोहित का एनकाउंटर नहीं हुआ, बल्कि उनकी हत्या की गई।
पोस्ट में सुमित-मोहित को अमृतसर से उठाने का दावा
वायरल पोस्ट में दावा किया गया कि सुमित और मोहित को 30 अगस्त की रात पंजाब के अमृतसर में गोल्डन टेंपल के पास एक होटल से उठाया गया और बाद में शामली लाकर उनकी हत्या कर दी गई। पोस्ट में पुलिस मुठभेड़ की कार्रवाई को गलत बताया गया है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।