फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PHOTOS: पीवीएस मॉल और ग्रांड-5 में भीषण आग से मचा हाहाकार, जान बचाकर दौड़ते रहे लोग, ऐसे लगी दोनों जगह आग

Fri, 15 Apr 2022 12:34 AM IST
कपिल kapil अमर उजाला ब्यूरो, मेरठ
विज्ञापन
1 of 9
मेरठ में ग्रांडफाइव और पीवीएस मॉल में लगी आग। - फोटो : amar ujala
मेरठ में गुरुवार रात को अलग-अलग दो वीआईपी स्थानों पर भीषण आग लग गई। जहां पीवीएस मॉल में आग लगने से भगदड़ मच गई तो वहीं दिल्ली रोड स्थित ग्रांड-5 रिसोर्ट में भी भीषण आग लग गई। बताया गया कि पीवीएस मॉल में मूवी शो चल रहे थे। इसी दौरान अचानक आग लगने से मॉल में अफरा-तफरी मच गई।

चढ़त के दौरान आतिशबाजी की चिंगारी से लगी डेकोरेशन घास में आग
कंकरखेड़ा एनएच-58 स्थित ग्रांड फाइव रिसोर्ट में गुरुवार रात को चढ़त के दौरान आतिशबाजी की चिंगारी गेट पर लगाए गए घास के डेकोरेशन पर गिर गई। इससे रिसोर्ट में आग लग गई। तेज हवा के कारण कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जर्मन हैंगर तक आग पहुंची तो हड़कंप मच गया। इससे भगदड़ मच गई। किसी तरह वर-वधू पक्ष के लोगों को बाहर निकाला गया। फायर ब्रिगेड की दस गाड़ियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 9
ग्रांड फाइव में लगी आग। - फोटो : amar ujala
रुड़की रोड स्थित कोर्णाक कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह की बेटी आकांक्षा की शादी अलीगढ़ के सिटी पाइंट निवासी नेवी में फाइटर पायलट विश्वेंद्र के साथ हो रही थी। वधू पक्ष के लोग बरात के स्वागत को खड़े थे। चढ़त शुरू हुई तो आतिशबाजी की चिंगारी गेट पर डेकोरेशन के लिए लगाए गई घास में लग गई। तेज हवा के चलते आग जर्मन हैंगर तक पहुंची तो वर-वधू पक्ष के लोगों को तुरंत यहां से पार्किंग के रास्ते बाहर निकाला गया। 
विज्ञापन

3 of 9
ग्रांड-5 में लगी आग। - फोटो : amar ujala
रिसोर्ट के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पुलिस लाइन से फायर ब्रिगेड की पांच, परतापुर से दो और एक गाड़ी सरधना से मौके पर पहुंच गई। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। 

4 of 9
रिसोर्ट में लगी आग। - फोटो : amar ujala
इसके बाद बिजली की व्यवस्था कराकर शादी समारोह का आयोजन कराया गया। आकांक्षा के चचेरे भाई राहुल सिंह ने बताया कि आग लगते ही विक्टोरिया पार्क कांड की याद आ गई। सभी मेहमानों को तुरंत पीछे के रास्ते से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
विज्ञापन

5 of 9
रिसोर्ट में लगी आग। - फोटो : amar ujala
शादी में शामिल थे वीआईपी
आकांक्षा व विश्वेंद्र की शादी में कई वीआईपी भी शामिल थे। एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, चांदवीर सिंह, रोहित जाखड़, अलीगढ़ से आए नगर आयुक्त गौरांग राठी भी उस समय मौजूद थे। आग लगने के बाद वह किसी तरह सुरक्षित बाहर निकले।

हो सकता था बड़ा हादसा
हाईवे पर रिसोर्ट की भरमार है, लेकिन आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। छोटे अग्निशमन यंत्रों के भरोसे ही काम चल रहा है। ये भी तब है जबकि कई बार पहले भी मंडपों में रसोई में आग लग चुकी है। यदि रिसोर्ट में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम होते तो आग पर शुरू में ही काबू पाया जा सकता था। इस दौरान हाईवे पर जाम लग गया। दो गाड़ियों में भी भिड़ंत हो गई।
विज्ञापन

6 of 9
पीवीएस मॉल में लगी आग। - फोटो : amar ujala
पीवीएस मॉल में आग लगते ही मची भगदड़
पीवीएस मॉल में आग लगने के बाद बाउंसर और स्टाफ मॉल को खाली कराने में जुट गए। मॉल का सायरल भी बजा दिया गया। आईनॉक्स में फिल्म देख रहे लोगों को जैसे ही मॉल में आग लगने की जानकारी मिली तो उनमें अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में वह मॉल के बाहर आए। इस दौरान बाहर आकर लोगों ने मैनेजर से फिल्म के टिकट के रुपये वापस करने की मांग की। जिस पर उन्होंने रुपये देने से मना कर दिया। इस पर लोगों ने हंगामा खड़ा कर दिया। इस दौरान हाथापाई तक की नौबत आ गई। लोगों का कहना था कि जब फिल्म नहीं देखी तो रुपये वापस देने चाहिए। इस दौरान लोगों ने जाम लगाने की भी कोशिश की। हालांकि पुलिस ने आग लगने का हवाला देते हुए उन्हें शांत किया।
विज्ञापन

7 of 9
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी। - फोटो : amar ujala
आग लगने के बाद मॉल को ब्लैक आउट कर दिया गया। आईनॉक्स में काफी संख्या में लोग फिल्म देख रहे थे, जिसको लेकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने पीवीएस मॉल के बाहर हंगामा करते हुए रुपये मांगे और कहा कि जब उन्होंने पूरी फिल्म नहीं देखी और एक दम आग की घटना हो गई। इस दौरान लोगों ने जमकर हंगामा किया। यहां तक कि स्टाफ से हाथापाई और धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई। इंस्पेक्टर मेडिकल संतशरण सिंह का कहना है कि लोगों को मौके पर पहुंचकर शांत कर दिया गया है। उनको आश्वासन दिया है कि सबकुछ सामान्य होने के बाद दोबारा फिल्म दिखा दी जाएगी।

8 of 9
पीवीएस मॉल में लगी आग। - फोटो : amar ujala
आधा घंटे बाद मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड, भड़कती चली गई आग
पीवीएस मॉल में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। वहीं फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई, लेकिन इसके बावजूद आधा घंटे तक फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर नहीं पहुंची। आधा घंटे के बाद लोगों का गुस्सा फूटना शुरू हो गया, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
विज्ञापन

9 of 9
पीवीएस मॉल के लगी भीड़। - फोटो : amar ujala
दो जगह आग लगने से उड़ गए प्रशासन के होश
फायर ब्रिगेड की अग्निशमन स्मृति दिवस पर फायर बिग्रेड की खूब अग्नि परीक्षा हुई। दो जगह एक साथ आग लगने से पुलिस प्रशासन के होश उड़ गए। एक तरफ ग्रांड-5 में भीषण आग लगी हुई थी तो दूसरी तरफ पीवीएस मॉल में आ लग गई। आग बुझने के बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली।

पहले भी लग चुकी है पीवीएस मॉल में आग
पीवीएस मॉल में 2015 में बिग बाजार और मॉल के अलग-अलग कंट्रोल रूम में आग लग गई थी। इस दौरान करीब पचास लोग घायल हो गए थे। उस समय भी आग लगने से अफरा-तफरी मच गई थी। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया था। बताया गया कि 2006 में भी पीवीएस मॉल के अंदर विशाल मेगा मार्ट में भी भीषण आग लग गई थी। विशाल मेगा मार्ट पूरी तरह जलकर राख हो गया था।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें