देश में कोरोना का कहर जारी है और इस महामारी को कोई भी अपने जीवन में भूल नहीं पाएगा। कोरोना ने किसी का भाई, किसी के माता-पिता तो किसी के जिगर के टुकड़ों को ही छीन लिया है। करीब 24 साल पहले एक मां ने अपने दो जुड़वां बेटों को जन्म दिया। घर में जुड़वां बेटे होने से पिता और परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इसके बाद माता-पिता ने मेहनत से दोनों बेटों को पढ़ाया। वहीं दोनों भाइयों ने एक साथ इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और फिर एक साथ ही दोनों सॉफ्टवेयर इंजीनियर बने। लेकिन किसी को क्या पता था कि दोनों की इतनी जल्दी और एक साथ मौत हो जाएगी।
कोरोना की वजह से उत्तर प्रदेश के मेरठ में ऐसा दुखद संयोग सामने आया है जिसने सभी को झकझोर दिया है। मेरठ के दो जुड़वां भाई, 24 साल पहले एक ही दिन पैदा हुए और अब एक साथ ही नौकरी कर रहे थे। बताया गया कि एक साथ दोनों को कोरोना हुआ और पिछले सप्ताह दोनों की कुछ घंटों के अंतराल में मौत हो गई। दोनों भाइयों की मृत्यु से उनके माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।