मथुरा के नरहौली में बवाल के बाद दहशत और तनाव के माहौल में पुलिस की मौजूदगी में दुल्हनों के सात फेरे संपन्न कराए गए। विदाई के समय दुल्हनें भावुक हो उठीं और उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं किसी और की शादी में न हों, जिससे माहौल गमगीन हो गया।
मथुरा के नरहौली में हुए बवाल के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को दुल्हन पक्ष की मांगें स्वीकार होने के बाद पुलिस के साए में दुल्हनों के सात फेरे हुए। गहमागहमी के बीच अधिकारियों ने शाम छह बजे तक रस्में पूरी कराईं और जोरशोर के साथ दुल्हनों की विदाई हुई। इस दौरान दुल्हनों का दर्द छलक उठा, कहा किसी और की शादी में ऐसा बवाल न हो।
शादी की रस्में तब शुरू हुईं जब दुल्हन के भाई ने ठाकुर समाज के खिलाफ तहरीर दी। आरोप लगाया कि बरात में ठाकुर समाज के लोगों ने बाबा साहब का अपमान किया और बरातियों के साथ मारपीट की। उनकी मांगों को स्वीकार किए जाने के बाद ही शादी की आगे की प्रक्रिया शुरू हो सकी। बुधवार रात से बृहस्पतिवार शाम तक अधिकारी दुल्हन पक्ष को समझाने में जुटे रहे। 18 घंटे तक चली गहमागहमी के बाद दुल्हनों की विदाई हो सकी। विदाई के समय दुल्हनों ने भावुक होकर रो पड़ीं। दुल्हनों ने जब कहा कि जिस तरह उनकी शादी में इतना बवाल हुआ वैसा किसी और की शादी में न हो। उनके इन शब्दों को सुनकर परिवार ही नहीं वहां मौजूद गांव के लोग भी रो पड़े।
विज्ञापन
2 of 13
बिलखता हुआ दुल्हन का पिता
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
चौकी प्रभारी पर बाबा साहब का अपमान करने का आरोप
दुल्हनों ने तारसी चौकी प्रभारी पर भी बरातियों को पीटना और बाबा साहब का अपमान करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ठाकुर जाति से होने के कारण उन्होंने बरातियों को पीटा और अभद्रता की।
विज्ञापन
3 of 13
एसएसपी श्लोक कुमार
- फोटो : ANI
क्राइम ब्रांच करेगी जांच
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि पूरे प्रकरण की क्राइम बांच जांच करेगी। फिलहल कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। बवाल करने वाले बाकी लोगों की वीडियो और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से शिनाख्त की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
4 of 13
पुलिस बात करते हुए
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
दुल्हन के पिता व भाई की चौकी प्रभारी से नोकझोंक, वीडियो वायरल
दुल्हन के पिता भगवान दास और भाई का तारसी चौकी प्रभारी नितिन राठी के साथ नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में भगवान दास और उनका बेटा चौकी प्रभारी के साथ तीखी नोकझोंक और बहस करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो बवाल के चंद मिनट बाद का बताया जा रहा है, जब गांव में पथराव के बाद पुलिस स्थिति को संभालने का प्रयास कर रही थी। लाठी फटकारते हुए पुलिस शादी समारोह स्थल तक पहुंच गई और वहां पर कुछ लोगों पर लाठियां बरसाईं। इसके बाद माहौल गरमाया गया है और दुल्हन का भाई आक्रोश में आकर चौकी प्रभारी से अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल और अभद्रता करने लगा।
विज्ञापन
5 of 13
मथुरा बवाल
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बर्बाद हुआ खाना, भूखे लौटे बराती
दुल्हन के भाई नाहर सिंह ने बताया कि बवाल के बाद शादी समारोह में सारे इंतजाम बर्बाद हो गए, जिसके चलते अनेक बराती बिना भोजन किए लौट गए। स्टॉलों में खाना सड़ गया और सुबह फेंका गया। कई बराती जो दूर-दराज से आए थे, उन्हें इस घटना से निराशा हुई।
विज्ञापन
6 of 13
भीम आर्मी के कार्यकर्ता
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
निंदनीय है घटना
जिलाध्यक्ष भीम आर्मी आरके फाइटर ने बताया कि घटना निंदनीय है। हम व हमारे साथी घटना के बाद से वहीं नरहौली में मौजूद रहे। परिवार वालों को भरोसा दिया गया कि अगर पुलिस एकतरफा कार्रवाई करेगी तो हमारी पार्टी उसका विरोध करेगी।
विज्ञापन
7 of 13
पथराव
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पहले से सुलग रहा था नरहौली में जातीय तनाव
नहरौली में बुधवार रात हुए जातीय तनाव की घटना ने पुलिस और खुफिया तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र में पहले से पनप रहे जातीय तनाव को पुलिस-प्रशासन भांपने में नाकाम रहा है। बवाल के बाद भी स्थिति संभालने में पुलिस प्रशासन को 18 घंटे लग गए। घटना के दूसरे दिन बृहस्पतिवार शाम तक अफसरों की मौजूदगी में युगलों के फेरे हो सके।
8 of 13
मथुरा बवाल
- फोटो : अमर उजाला
...तो जातीय तनाव बवाल का रूप न लेता
गांव में बीते दिनों से दोनों पक्षों में बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस ने अगर समय रहते मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की होती तो बृहस्पतिवार को यह जातीय तनाव बवाल का रूप न लेता। दो घंटे तक हुए बवाल ने कानून-व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है। सवाल उठ रहे हैं कि दो घंटे तक गांव में बवाल हुआ लेकिन खुफिया तंत्र को इसकी भनक तक नहीं लगी। एक फोन कॉल पर चंद मिनटों में पहुंचने का दावा करने वाली पुलिस की क्विक रिस्पांस टीमें भी नदारद रहीं। यही कारण है कि देरी से गांव पहुंची पुलिस को उग्र भीड़ ने भगा दिया। लोग और महिलाएं इतनी बेखौफ थीं कि पुलिस कर्मियों के पीछे लाठी-डंडे लेकर पड़ गईं। पुलिस को मौके से लौटना पड़ा।
9 of 13
बेटियों की विदाई करने से मना करते परिजनों को समझाते एसडीएम व सीओ।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
वार्ता करने में विफल रहे अधिकारी, दिनभर रही गहमागहमी
आला अधिकारी रातभर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर डटे रहे। सुबह तक कोई बात नहीं बनी। बृहस्पतिवार को पूरे दिन भी यही हाल रहा। अधिकारियों और दुल्हनों के परिजन के बीच कई बार हुई वार्ता फेल रही है। दुल्हन पक्ष के लोग बवाल वाले स्थान से बरात चढ़ाने पर अड़े रहे, लेकिन बवाल की आशंका से अधिकारी मना करते रहे हैं। इसी गहमागहमी में पूरा दिन बीत गया। बृहस्पतिवार शाम चार बजे दुल्हनों ने फेरे लिए और उनकी विदाई की तैयारी की गईं।
10 of 13
बरात में हुए बवाल के बाद पंडाल की हालत।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कार्रवाई से बचने के लिए घरों से पुरुष भागे
नहरौली में हुए बवाल के बाद कार्रवाई से बचने के लिए कई पुरुष अपना घर छोड़कर भाग गए हैं। उनके घरों में अब महिलाएं ही हैं। पुलिस द्वारा उपद्रवियों को चिह्नित करने के लिए लगातार दी जा रही दबिश से गांव में अफरातफरी है। कई लोगों को डर सता रहा है कि कहीं वे इस कानूनी कार्रवाई की चपेट में न आ जाएं। इसी खौफ के कारण पुरुष गांव से भाग गए हैं। घरों में अकेली बची महिलाओं के चेहरों पर दहशत साफ तौर पर देखी जा सकती है। लोगों ने बताया कि घटना के बाद से नहरौली में अजीब सी खामोशी और डर का माहौल है। कार्रवाई से बचने के लिए लोग अपने घरों में नहीं रुक रहे हैं। कुछ लोग तो अपना घर छोड़कर रिश्तेदारी में भाग गए हैं।
11 of 13
लड़की के परिजनों से बात करते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
नहरौली में तनाव बरकरार, पांच उपद्रवी हिरासत में
नहरौली में जातीय तनाव की स्थिति अभी बनी हुई है। कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए कई थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना में शामिल पांच उपद्रवियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इधर, ठाकुर समाज के लोग अनुसूचित जाति के लोगों पर कार्रवाई की मांग के संबंध में एसएसपी से मिले। कुंवर नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पथराव ठाकुरों ने नहीं किया बल्कि बवाल उनकी ओर से शुरू हुआ था। आरोप लगाया पुलिस कार्रवाई के नाम पर पक्षपात कर रही है। अनुसूचित जाति के लोगों की तरफ से हुई हिंसा पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने एसपी अपराध श्वेता यादव से मिलकर शिकायत दर्ज कराई। मांग की है कि निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। एसपी ने लोगों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। उनका कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
12 of 13
महिलाओं ने दौड़ाई पुलिस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
महिलाओं को आगे कर पुलिस को बनाया निशाना
नहरौली में बवाल के दौरान असामाजिक तत्वों ने महिलाओं को आगे कर पुलिस पर हमले का प्रयास किया है। इस संबंध में कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह उपद्रवी खुद को पुलिस की कार्रवाई से बचाने के लिए महिलाओं को आगे कर रहे हैं और उनकी आड़ लेकर पुलिस टीम पर पथराव व अभद्रता की जा रही है। इसी कारण पुलिस बवाल के शुरूआत में पीछे हटने को मजबूर हुई। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर पुलिस की एक विशेष टीम जांच कर रही है। वीडियो में दिख रहे चेहरों को चिह्नित किया जा रहा है। शिनाख्त होने के बाद पुलिस पर पथराव व लाठी-डंडों से हमला करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
आरोपियों के खिलाफ कार्रवाही की मांग करती दुल्हन लक्ष्मी व पूनम।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सीएम कार्यालय ने अधिकारियों से मांगी रिपोर्ट
नहरौली में हुए बवाल के मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय ने संबंधित अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री कार्यालय से निर्देश जारी होने के बाद देर रात तक पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कार्यालय से मथुरा के आला अधिकारियों को फोन किए जाते रहे। डीजीपी कार्यालय ने अधिकारियों से घटना के बारे में जानकारी ली। लखनऊ से मॉनिटरिंग होने के कारण जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी रात भर अपडेट लेने में जुटे रहे। अधिकारियों से बवाल की वजह और कार्रवाई के बारे में जानकारी जुटाई। माना जा रहा है कि इस रिपोर्ट के आधार पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर गाज गिर सकती है।