फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चीखती दुल्हनें, बिलखता पिता': हाईवे पर महिलाओं ने दौड़ाई पुलिस, जमकर चले डंडे; देखें मथुरा बवाल की तस्वीरें

Thu, 21 May 2026 12:41 PM IST
Dhirendra Singh संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा

सार

मथुरा के नरहौली गांव में बरात चढ़त के दौरान पथराव और मारपीट से माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए। घटना में पुलिस पर भी आरोप लगे और भीम आर्मी के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की मांग करने लगे।
 
विज्ञापन
1 of 9
मथुरा बवाल - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा में बुधवार देर रात हाईवे थाना क्षेत्र के एक गांव में दो भाइयों की बरात चढ़ने के दौरान बवाल हो गया। आरोप है कि बरात अनुसूचित जाति के युवकों की थी इसलिए रास्ते में ठाकुरों ने पथराव कर दिया। जमकर हंगामा हुआ और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। सूचना पर आनन फानन पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस के सामने भी पथराव हुआ, जिसमें कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं।

क्षेत्र के गांव नरहौली में बुधवार को गुल्ला की दो बेटियों लक्ष्मी और पूनम की शादी थी। बरात गोवर्धन थाना क्षेत्र के गांव भरनकलां से आई थी। नेमचंद के बेटे अशोक और कुलदीप बरात लेकर आए थे। रात लगभग 11 बजे नरहौली में भरतपुर चौराहा से चढ़त शुरू हो गई। दोनों दूल्हे बाबा साहेब आंबेडकर की तस्वीर लेकर बग्गी पर सवार थे। दूल्हों के चाचा भगवानदास ने बताया कि रास्ते में ठाकुर बाहुल्य क्षेत्र है। जैसे ही वहां से बरात गुजरी तो अचानक घरों से पथराव शुरू हो गया।





 
विज्ञापन

2 of 9
मथुरा बवाल - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छतों से बरसाईं ईंट
छतों से ईंटें बरसाई गईं। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। जमकर मारपीट हुई और पत्थर चले। इसमें कई लोगों को चोटें आई हैं। घायल 70 वर्षीय वृद्धा संतोषी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय निवासी मीना ठाकुर का कहना है कि बरातियों ने हंगामा किया है। वह रवि मिष्ठान भंडार में घुस गए और तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया था। दुल्हनों के भाई नाहर सिंह का कहना है कि आरोपियों ने उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की और दहेज के लिए रखा सामान क्षतिग्रस्त कर दिया।
 
विज्ञापन

3 of 9
पुलिस बात करते हुए - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पुलिस और लोगों में चली लाठियां 
पुलिसकर्मियों और लोगों के बीच भी खूब लाठियां चलीं। लोगों ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया। महिलाएं भी लाठी लेकर पुलिस के सामने आ गईं। दोनों दुल्हनें भी मौके पर पहुंच गईं और हंगामा किया। उन्होंने पुलिस पर उत्पीड़न का आराेप लगाया। देर रात तक गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार, एडीएम एफआर पंकज वर्मा, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र, एसपी ट्रैफिक राजेश तिवारी फोर्स के साथ मौके पर जमे है। शादी की रस्में शुरू कर दी गई हैं। शांतिपूर्वक ढंग से बरात चढ़वाई जाएगी। उपद्रवियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी- पंकज वर्मा, एडीएम एफआर

 

4 of 9
महिलाओं ने दौड़ाई पुलिस - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
महिलाओं ने लाठी लेकर पुलिस को दौड़ाया
नरहौली में बुधवार देर रात हुए पथराव में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। जैसे ही पथराव की सूचना मिली, दोनों दुल्हनें मौके पर पहुंच गईं। उनका कहना है कि आरोपियों ने उनके घर में जमकर तोड़फोड़ की और पुलिस ने उनका साथ दिया। इतना ही नहीं, महिलाएं लाठी लेकर पुलिसकर्मियों के सामने आ गईं जिससे पुलिसकर्मियों को भागना पड़ा।

 
विज्ञापन

5 of 9
महिला पर डंडा उठाते पुलिसकर्मी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
दुल्हन के भाई को आई चोट 
दुल्हनों के भाई नाहर सिंह को भी पथराव में चोट लगी है। उन्होंने बताया कि ठाकुर समुदाय का कोई व्यक्ति बीमार था। जिस समय बरात चढ़ रही थी उसी समय वे उसे लेकर चिकित्सक के पास जा रहे थे। ये सभी बरात के निकट से गुजरे तो अचानक गालियां देने लगे। उन्होंने बग्गी में लात मारनी शुरू कर दी। इसी का विरोध किया गया तो मारपीट, पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद बवाल हुआ। दोनों दुल्हनों ने पहले दूसरे पक्ष के लोगों और फिर पुलिस पर पिटाई करने का आरोप लगाया। कहा कि आरोपी उनके घर में आ घुसे। दहेज का सामान तोड़ दिया। दहेज के लिए नया ट्रैक्टर लाए थे। इसी में ट्राली लगाकर बरात के लिए खानपान का कुछ सामान लेकर गए थे। आरोपियों ने ट्रैक्टर तोड़ दिया और सामान भी खुर्दबुर्द कर दिया। पुलिस ने खाना खा रहे बरातियों की पिटाई की।

 
विज्ञापन

6 of 9
पुलिस कर्मी भागते हुए - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ठाकुर पक्ष ने लगाया ये आरोप 
उधर, ठाकुर पक्ष का आरोप है कि डांस को लेकर बराती पहले खुद ही लड़ बैठे। लड़ते लड़ते रवि मिष्ठान में घुस गए और यहां युवक की पिटाई कर दी। सामान तोड़ दिया। मिठाईयां खुर्द बुर्द कर दीं। इसका विरोध किया तो बरातियों ने पथराव शुरू कर दिया। देर रात बरात पंडाल में पहुंच गई थी और गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। दुल्हन और दूल्हे दोनों के ही परिवार कार्रवाई की मांग पर अड़े थे।

 
विज्ञापन

7 of 9
भीम आर्मी के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
भीम आर्मी के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे
जैसे ही इस पूरे प्रकरण की सूचना मिली, भीम आर्मी मथुरा ईकाई के जिलाध्यक्ष आरके फाइटर सदस्य के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति के लोगों का उत्पीड़न किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पहले भी ऐसा हुआ है जब मथुरा में अनुसूचित जाति की दुल्हनों की बरात चढ़ने से रोकी गई है। उन्हें पीटा तक गया है। जब तक आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे पीछे हटने वाले नहीं है।

8 of 9
बिलखता हुआ दुल्हन का पिता - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
करनावल गांव की आई याद....पुलिस के हाथ पांव फूले
जैसे ही नरहौली गांव में अनुसूचित जाति की बरात रोकने और पथराव की सूचना आई, पुलिस के हाथ पांव फूल गए। उन्हें यहां के करनावल गांव की घटना याद आ गई जिसमें ब्यूटी पार्लर से लौट रही अनुसूचित जाति की दो दुल्हनों को बुरी तरह से पीटा गया था। पिछले साल 21 फरवरी 2025 को मथुरा के ही गांव करनावल में बवाल हुआ था। घटना तब शुरू हुई जब दोनों दुल्हन बहनें ब्यूटी पार्लर से तैयार होकर कार से लौट रहीं थीं। रास्ते में उनकी गाड़ी और एक बाइक के बीच मामूली टक्कर हो गई। इसके बाद बाइक सवार लड़कों ने विवाद शुरू कर दिया।
विज्ञापन

9 of 9
पथराव - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आरोपियों ने दुल्हनों के साथ गाली-गलौज की और उनकी पिटाई कर दी। दुल्हनों के रिश्तेदारों (जीजा और फूफा) को बुरी तरह पीटा। शाम को बरात में घुसकर हंगामा किया, जिससे डरकर राजस्थान से आए दूल्हों ने सुरक्षा कारणों से शादी करने से इनकार कर दिया और बरात बिना दुल्हन लिए वापस लौट गई थी। हालांकि इस मामले में रिफाइनरी थाना पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और कई मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। बाद में दोनों बहनों की शादी अन्य युवकों से हो गई थी। मामला पूरे प्रदेश भर में गूंजा था। यही कारण रहा कि जैसे ही पुलिस को नरहौली की सूचना मिली, पुलिस तत्काल उधर दौड़ी। स्थिति पर नियंत्रण का प्रयास किया। महिलाएं आगे आईं तो पुलिस ने पीछे हटने में ही भलाई समझी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें