फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगरा में प्रचंड गर्मी: पानी की फुहारों से दी गई राहत, पारा @45.3 डिग्री पहुंचा पार; अगले तीन दिन रेड अलर्ट

Thu, 21 May 2026 08:34 AM IST
Dhirendra Singh अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा

सार

आगरा में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। तापमान 45.3 डिग्री पहुंचने के बाद मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि ताजमहल में कई पर्यटकों की तबीयत भी बिगड़ गई।
विज्ञापन
1 of 6
आगरा में भीषण गर्मी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
राजस्थान की सीमा से सटे आगरा में लू का कहर बरकरार है। बुधवार को भी आगरा गर्म हवाओं के कारण दहकता रहा। बांदा पूरे देश में सबसे गर्म रहा तो आगरा प्रदेश के 5 गर्म शहरों की सूची में बना रहा। मंगलवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट आई, लेकिन यह 45.3 डिग्री दर्ज किया गया। लू के प्रकोप के कारण सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक प्रमुख बाजारों, स्मारकों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए लू का रेड अलर्ट जारी किया है।

बुधवार को सुबह 8.30 बजे के बाद ही तापमान 40 डिग्री के पार चला गया और दोपहर 1.30 से शाम 4 बजे तक तापमान 45 डिग्री के आसपास रहा। शाम को सूर्यास्त के बाद भी गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किए रखा। दोपहर में शहर के पुराने और व्यस्त बाजारों रावतपाड़ा, दरेसी, लुहार गली, किनारी बाजार, फव्वारा, जौहरी बाजार, मोतीगंज, ताजगंज और शाहगंज की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। गर्मी के कारण ग्राहक इन बाजारों में नहीं पहुंचे। बुधवार को अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री दर्ज किया गया। रात में पारा सामान्य से तीन डिग्री ऊपर चल रहा है, जिससे लोगों को दिन में चैन मिला, न रात में। गर्मी का आलम यह है कि पंखे, एसी, कूलर सब फेल होकर गर्म हवा दे रहे हैं।


 
विज्ञापन

2 of 6
पानी की फुहार से मिली राहत - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
राहत के लिए ताज और किले पर पानी की चलाई फुहार
आगरा नगर निगम ने ताजमहल और आगरा किला के पास पर्यटकों को तेज गर्मी और लू के थपेड़ों से बचाने के लिए पानी के टैंकर के जरिए स्प्रिंकलर से फुहारें डलवाई। आगरा किला के अमर सिंह गेट के सामने और ताजमहल के पूर्वी तथा पश्चिमी गेट के सामने ताजगंज में गर्मी से बेहाल पर्यटकों ने पानी की फुहारों से राहत लेने का प्रयास किया।

 
विज्ञापन

3 of 6
आगरा में भीषण गर्मी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
शहर तापमान
बांदा 48 डिग्री
प्रयागराज 46.4 डिग्री
हमीरपुर 46.2 डिग्री
झांसी 45.9 डिग्री
आगरा 45.3 डिग्री
उरई 45.2 डिग्री

 

4 of 6
पानी की फुहारें - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
26 तक नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिनों तक लू का रेड अलर्ट रहेगा। बेहद गर्म हवाओं के कारण दोपहर में 12 बजे से शाम 5 बजे तक भीषण गर्मी रहेगी, वहीं रात में भी तापमान 28 से 30 डिग्री के बीच पहुंच सकता है। 26 मई तक गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। तब तक तापमान 45 से 46 डिग्री के बीच ही बना रह सकता है।
 
विज्ञापन

5 of 6
आगरा किला - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ताज में गर्मी व धूप से बिगड़ी एक दर्जन पर्यटकों की तबीयत
ताजनगरी में पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप पर्यटकों पर भारी पड़ने लगी है। बुधवार को ताजमहल का दीदार करने आए करीब एक दर्जन पर्यटकों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उमस और लू की वजह से कई पर्यटकों को उल्टी, दस्त और तेज बुखार से तबीयत बिगड़ने पर सभी पर्यटकों को ताजमहल परिसर स्थित डिस्पेंसरी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के तौर पर उन्हें जरूरी दवाएं और ओआरएस का घोल दिया गया।

 
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
पानी की फुहारें - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
राहत न मिलने पर गंभीर रूप से अस्वस्थ पर्यटकों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया। इनमें छत्तीसगढ़ की खनक निर्मलकर को पेट दर्द, महाराष्ट्र की सेजल पटेल को उल्टी, मेरठ की दीक्षा को तेज बुखार, कर्नाटक के जैदी खान, जाकिर खान, अब्दुल करीम खान को उल्टी और हीना को उल्टी-दस्त, तमिलनाडु के आंडाल एम. को उल्टी-दस्त, कुबेरन, सुंदरमूर्ति और नारायणन पेरियारामन को उल्टी, आगरा के अभय को बुखार आने पर इलाज किया गया। 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें