अंतिम संस्कार के लिए मुसहर परिवार को दिए 10 हजार रुपये।
- फोटो : अमर उजाला
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के बरवा राजापाकड़ गांव के जमुआन टोला निवासी गुल्लू पुत्र सहदेव (32) शनिवार को अपनी पत्नी तेतरी (30) के साथ सीताराम चौराहा से साइकिल से घर लौट रहे थे। कसया-तमकुहीरोड मार्ग पर पेट्रोल पंप से करीब 500 मीटर आगे तुर्कपट्टी की तरफ से जा रहा पुआल लदा पिकअप स्कूटी सवार महिला शिक्षक सहाना खातून को चपेट में लेने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गया था।
सहाना खातून दोघरा के इंस्टीच्यूट में पढ़ाकर स्कूटी से सेवरही अपने घर जा रही थीं। पिकअप की चपेट में साइकिल सवार मुसहर दंपती आ गए थे। तेतरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि गुल्लू गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, गुल्लू की मां बुनेली यह खबर सुनते ही सदमे में आ गई। वह बार-बार बेहोश हो जा रही थी। आखिर, उससे सदमा बर्दाश्त नहीं हुआ और उसने रविवार की सुबह दम तोड़ दिया। किसी ग्रामीण ने इसकी सूचना डीएम को दी।