कोखराज में लूट की सनसनीखेज वारदात का भले ही खुलासा हो गया हो, लेकिन अब भी कई राज अनसुलझे हैं। यहां तक कि लूट में प्रयुक्त गाड़ियां ही नहीं बल्कि असलहे भी पुलिस बरामद नहीं कर सकी है। खुलासे की कहानी में कई झोल भी हैं। फिलहाल अफसरों का यही कहना है कि जांच जारी है। पुलिस ने खुलासा करते वक्त बताया कि इस घटना का मास्टरमाइंड पूणे निवासी रोशन है। उसने अपने साथी बिरजू निवासी मुंबई संग मिलकर साजिश रची। फिर लखनऊ के अंकित गुप्ता, आदित्य वर्मा, उदय प्रताप व सीतापुर के अनूप शुक्ला के साथ घटना अंजाम दी।
हालांकि लूट में प्रयुक्त गाड़ियों को पुलिस अब तक बरामद नहीं कर सकी है। एक अहम बात यह है कि गिरफ्तार किए गए बदमाशों से कोई असलहा बरामद नहीं हुआ है। सवाल यह है कि तो क्या आधी रात को करोड़ों की रकम लूटने के लिए बदमाश खाली हाथ आए थे।