प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम, रेशम और खादी ग्रामोद्योग मंत्री सत्यदेव पचौरी ने रविवार को ‘अमर उजाला’ आफिस में जन संवाद कार्यक्रम में सीधे पब्लिक से बात की, उनके सवालों के जवाब दिए। कहा धैर्य रखें, सभी समस्याएं दूर होंगी। रोजगार मिलेंगे, उद्योग-धंधे करने की राह आसान होगी।
बातचीत के दौरान पब्लिक से अफसरों का फीड बैक भी लिया। कई बार लोगों से उल्टे सवाल दागे, अफसर सुनते हैं कि नहीं, समय से दफ्तर में बैठते हैं कि नहीं, पुलिस का मूवमेंट है या नहीं। पेश हैं लोगों के सवाल और कैबिनेट मंत्री के जवाब....
विज्ञापन
2 of 7
लगातार बजता रहा फोन और मंत्री जी यूंम देते रहे जवाब
- फोटो : संजय लोचन पांडे, अमर उजाला, कानपुर
Q.आप का विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में उद्योग के लिए क्या योजनाएं लेकर आया है? -श्रीकांत जरेरा गांव, हरदोई
A.खादी ग्रामोद्योग के माध्यम से गांव-गांव कुटीर, लघु उद्योग के जरिए धूपबत्ती, अगरबत्ती, मधुमक्खी पालन सहित अन्य उद्योगों को लगवाकर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
Q.बेरोजगारी कैसे रोकेंगे? बेरोजगारों के लिए कुछ करेंगे? फर्रुखाबाद के किसान बेहाल हैं।-सुधीर सिंह, फर्रुखाबाद
A.पहली बार आलू किसानों के लिए क्रय केंद्र खोले गए हैं। सरकार छोटे-छोटे उद्योग लगाने के प्रयास कर रही है जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार मिल सके।
Q.खादी ग्रामोद्योग से कर्ज लेकर पैसा निकालते हैं तो छूट का पैसा नहीं आता?-दिलीप कुमार गोस्वामी, हरदोई
A.प्रमाण समेत 9 कालीदास मार्ग लखनऊ आइए। मंगल, बुधवार, शुक्रवार को सुबह 9 से 11 बजे तक मिलता हूं। जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई तय है।
विज्ञापन
3 of 7
सवालों पर मंत्री की प्रतिक्रिया देखने लायक थी
- फोटो : संजय लोचन पांडे, अमर उजाला, कानपुर
Q.खादी ग्रामोद्योग से कर्ज लेकर डेयरी का काम किया जा सकता है?-संतोष तिवारी, हरदोई
A.डेयरी के काम के लिए पशुपालन विभाग से संपर्क करें तो बेहतर होगा। पशुपालन विभाग आपकी हर मदद करेगा।
Q.हैंडमेड पेपर इंडस्ट्री बहुत छोटा धंधा है। फिर भी श्रम विभाग के अफसर छापे मारकर परेशान करते हैं। -सुहैल हाशमी, कालपी
A.देखिए मानकों के हिसाब से श्रमिकों को ईएसआई और फंड मिलना चाहिए। कुछ लोग श्रमिकों का हक बचाने के लिए इस तरह की बात कहते होंगे। अफसर जांच कर रहे हैं तो इसमें आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
Q.जेके संस्थान का मुख्य गेट बंद कराने से मरीजों और तीमरदारों को काफी दिक्कत होती है।-सनी कुमार, शुक्लागंज
A.ऐसे कैसे हो सकता है। आप कह रहे हैं तो मामला दिखवाता हूं।
Q.आप से कब और कहां मिला जा सकता है?-अशोक लालवानी गुजैनी
A.शनिवार और इतवार स्वरूप नगर स्थित घर में समस्याएं सुनता हूं। कभी भी आइए।
Q.सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्योग और खादी ग्रामोद्योग बोर्ड की तमाम योजनाएं हैं, लेकिन आम आदमी को उद्योग लगाने में इसकी कोई मदद नहीं मिल पाती है। -केके तिवारी, पनकी बी-ब्लाक
A.विभाग की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिलेगा। अफसरों की लापरवाही से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती थी। अब ऐसा नहीं होगा। कोई अधिकारी बात नहीं सुनता तो सीधे मुझसे शिकायत करें कार्रवाई होगी।
Q.जेके जूट मिल पिछले काफी समय से बंद है और कर्मचारियों को दो साल से वेतन नहीं मिल रहा है। इसके लिए क्या करेंगे?-छुन्ना, कानपुर
A.जेके जूट मिल का मामला लेबर कमिश्नर के सामने पहुंच चुका है। जल्द ही मामले का निस्तारण होगा।
Q.बुंदेलखंड में उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार क्या करेगी? -राधेश्याम पटेल, गोरेमऊ गांव नरैनी बांदा
A.बुंदेलखंड में पावरलूम हैंडलूमों को दुबारा स्थापित किया जाएगा। अरण्डी की खेती और रेशम उत्पाद को बढ़ावा देंगे। बुंदेलखंड क्षेत्र सरकार की प्राथमिकता पर है।
Q.अर्मापुर नहर पुल पर अक्सर जाम लगता है। नए पुल को कब मंजूरी मिलेगी?-श्याम सिंह, पनकी बी-ब्लाक निवासी
A.अर्मापुर नहर पर नया पुल बनाने के लिए 3.29 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है। जल्द अर्मापुर नहर पर नए पुल का निर्माण होगा।
Q.खादी ग्रामोद्योग के जरिए उद्योग के लिए लोन लिया था। लोन अदा करने के बाद भी अभी बकाया है।-राम किशोरी द्विवेदी, उन्नाव राजेपुर
A.वन टाइम सेटेलमेंट के जरिए उसे खत्म करा दीजिए। अगर इसके बाद भी कोई परेशानी आती है तो कानपुर या फिर लखनऊ कहीं भी मिलकर प्रार्थनापत्र दे सकते हैं।
Q.योजनाओं के तहत उद्योग लगाने की प्रक्रिया बहुत कठिन है। इसे कुछ आसान बनाएं तो इसका लाभ अधिक लोगों को मिलेगा।-आनंद ज्योति, गोविंद नगर।
A.भ्रष्ट अफसरों और विभागीय कमियों के चलते लोगों को परेशान होना पड़ता था। अब ऐसा नहीं होगा। सबके साथ एक समान व्यवहार किया जा रहा है।
Q.हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग और लघु उद्योग में अभी तक कर्मचारियों को सातवां वेतन नहीं मिल रहा है। इसके लिए क्या करेंगे। -राघवेंद्र बाजपेई, आवास विकास
A.आप के विभाग के अफसर और कर्मचारी अंडे की बजाए मुर्गी ही खा गए हैं। भ्रष्टाचार और घोटालों के चलते विभाग घाटे में चल रहा है। फिर से कर्मचारियों को इसका लाभ देने की दिशा में काम किया जा रहा है।
Q.उद्योग लगाने के लिए योजनाओं का लाभ सिर्फ उद्योगपतियों और कारोबारियों को ही मिल पाता है। नए लोगों को तो चक्कर पर चक्कर लगवाए जाते हैं। -मनीष हेमराजानी, गोविंद नगर
A.योजनाओं का लाभ किन लोगों को मिला इसकी भी जांच की जाएगी। जांच में अगर ऐसा कुछ सामने आया तो अफसरों पर कार्रवाई होगी।
Q.मेरे पति मो. वसीम यूपिका हैंडलूम में काम करते थे। उनका तबादला हैदराबाद ब्रांच में हो गया है। काफी समय से सेलरी नहीं मिल रही है। -आयशा, हैदराबाद
A.अपने पति से कहें 9 कालिदास मार्ग लखनऊ आकर मुझसे मिलें।
Q.हथकरघा विभाग में 2015 में सलेक्शन हुआ था। नियुक्ति अभी तक नहीं मिली है। -आशू, लखनऊ
A.बिना कागज देखे मैं कुछ नहीं बता सकता। आप तो लखनऊ में ही रहते हैं। आकर मिलिए। अर्जी दीजिए। पूरा मामला दिखवाया जाएगा।
Q.मंडलीय ग्रामोद्योग परीक्षण केंद्र कालपी में चौकीदार हूं। 16 घंटे ड्यूटी करने के बाद भी मात्र 140 रुपये प्रतिदिन ही मिलता है।-सुबोध कुमार, कालपी
A.इतना कम वेतन मिल रहा है तो नौकरी छोड़ दीजिए और खेती किसानी या फिर कुटीर उद्योग शुरू कीजिए।
Q.पिछले दस सालों से मेरी पत्नी कानपुर कोतवाली में सफाई कर्मचारी है, आज भी मात्र छह सौ रुपये महीना वेतन मिल रहा है। -सेठी बाल्मीकी, कोतवाली निवासी
A.आपकी पत्नी अस्थाई कर्मचारी के रूप में काम कर रही होंगी। इसलिए ऐसा है। फिर भी शिकायत पत्र दीजिए। दिखवाता हूं।
Q.हथकरघा विभाग में दो साल पहले चयन हुआ था। अभी तक ज्वाइनिंग नहीं कराई है। -जय कुमार, घाटमपुर
A.पूर्व सरकार का मामला है। पता नहीं कैसे भर्ती हुई और ज्वाइनिंग क्यों नहीं कराई। सभी कागज लेकर लखनऊ आइए। मामला दिखवाया जाएगा।
Q.हथकरघा विभाग में दो वर्ष पूर्व आयोग से रिक्त पदों पर भर्तियां हुई थी, पर आज तक नियुक्ति नहीं दी गई है।-मो. कलीम, आदमपुर थानाक्षेत्र वाराणसी
A.मामले की शिकायत लखनऊ या फिर कानपुर स्थित आवास पर आकर कीजिए। जांच होगी।
इन लोगों ने भी पूछे सवाल
संदीप कुमार बिंदकी फतेहपुर, मोहित गुप्ता फर्रुखाबाद, शिव पूजना गुप्ता चित्रकूट, मनोज कौशल कायमगंज फर्रुखाबाद, रोहित शर्मा एडवोकेट कानपुर, अजय कुमार चतुर्वेदी बिल्हौर, आशीष कुमार बांदा, एके द्विवेदी शास्त्री नगर, सुशील मल्होत्रा दबौली, द्वारिका प्रसाद सोनी बांदा, रेनू कल्याणपुर, जय प्रकाश गुप्ता नेहरू नगर, राम मौर्या कन्नौज, प्रवेश अग्रवाल किदवई नगर