उत्तर प्रदेश के कानपुर समेत उन्नाव, घाटमपुर, हरदोई, हमीरपुर आदि शहरों में शनिवार को सुबह से कहीं हल्की तो कहीं झमाझम बारिश हुई। बारिश ने उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत दी लेकिन सड़कों पर जलभराव से मुसीबत खड़ी हो गई। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विभाग के अनुसार कानपुर के कल्याणपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों में अभी तक 40 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 48 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग की मानें तो पूरे दिन इसी तरह रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अधिकारी डॉ. एसएन पांडेय सुनील ने बताया कि मानसूनी बारिश का यह सिलसिला अगले 2 दिनों तक जारी रह सकता है।