मशहूर टीवी सीरियल 'ससुराल सिमर का' से मशहूर हुई छोटे पर्दे की अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ ने ननद की शादी में जमकर ठुमके लगाए। वह अभिनेता पति शोएब इब्राहीम के साथ उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा में शादी में शामिल हुईं। शोएब की बहन सबा इब्राहीम की शादी रविवार को खालिद नियाज के साथ हुई।
जिसमें सबा इब्राहीम के भाई शोएब इब्राहीम और ससुराल सिमर का फेम दीपिका कक्कड़ के अलावा कुछ अन्य छोटे पर्दे के सितारों भी शामिल हुए। इस शादी के इंतजाम के लिए मुंबई की कई टीमें लगी हुई थीं और एक गेस्ट हाउस को रंगमहल की तरह सजाया गया था। शादी के पहले मेहंदी और हल्दी की रस्म हुई। कस्बे सहित क्षेत्र के लोग इस वीआईपी शादी को देखने के लिए उमड़ पड़े। सात नवम्बर यानी सोमवार को होने वाले वलीमे के कार्यक्रम में हजारों की तादात में लोगों के शामिल होने का अनुमान है।