कानपुर में 12वीं के छात्र रोनिल सरकार (18) हत्याकांड में पुलिस अब तक कोई पुख्ता सुराग नहीं लगा सकी है। हालांकि एक ऐसी कॉल है, जो बेहद संदिग्ध है। ये वो कॉल है, जब रोनिल का शव पड़े होने की सूचना स्कूल के डॉट फोन पर दी गई थी। पुलिस की एक टीम इस बिंदु पर पड़ताल कर सूचनाकर्ता के बारे में जानकारी जुटा रही है।
श्यामनगर डी-ब्लॉक निवासी रोनिल डॉ. वीरेंद्र स्वरूप स्कूल की श्यामनगर शाखा से पढ़ाई कर रहा था। बीते सोमवार को वह स्कूल गया था। स्कूल से निकलने के बाद रोनिल लापता हो गया था। दूसरे दिन रेलवे ट्रैक किनारे चंदारी के जंगल में रोनिल का शव पड़ा मिला था। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।