कानपुर में 12 वीं के छात्र रोनिल सरकार की हत्या गला दबाकर की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। हत्या करने से पहले उसको जमकर पीटा गया था। शरीर पर 18 चोटें मिली हैं। चेहरे, सिर, गले, सीने, कमर और हाथ-पैर में चोटें पाई गईं। बचने के लिए भी उसने खूब संघर्ष किया था। दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया।
विसरा भी सुरक्षित रखा गया है। पुलिस को आशंका है कि हत्यारे दो या दो से अधिक रहे होंगे। फोरेंसिक टीम को घटनास्थल से कोई खास साक्ष्य नहीं मिले हैं। यहां तक कि अपनी जांच में फोरेंसिक टीम यह भी नहीं बता सकी कि हत्या कैसे हुई। जिस स्थित पर शव बरामद हुआ है, उससे एक बात लगभग स्पष्ट हो गई है कि हत्या करना ही आरोपियों का मकसद था। रोनिल की कोई भी चीज गायब नहीं मिली। हाथ पर महंगी घड़ी बंधी हुई थी।