कानपुर में बर्फीली हवाओं की वजह से सोमवार को न्यूनतम तापमान एक झटके में 5.7 डिग्री लुढ़ककर 2.9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। 16 जनवरी के दिन इतना कम तापमान 21 वर्ष बाद रिकॉर्ड किया गया है। वर्ष 2001 में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस था। 2002 में 04 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान था।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से अगले दो दिनों के लिए कड़ाके की सर्दी पड़ने की चेतावनी जारी की है। कहा गया है कि इस बीच शीतलहर और कोहरे का असर रहेगा। रात-दिन का तापमान और नीचे जा सकता है। इस बीच दिन के तापमान में .6 डिग्री की कमी के साथ पारा 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जो आज के दिन के सामान्य तापमान से 1.4 डिग्री कम है। सोमवार को पूरे दिन खिली हुई धूप के बावजूद बर्फीली हवाओं से गलन बनी रही। शाम होने के बाद यह और तेज हो गई। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।