फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur: ‘समुद्र जैसी आ रही थी आवाज', अचानक पार्किंग एरिया धंसा, तीन इंच झुकी इमारत, पर्व कुंज अपार्टमेंट हादसा

Thu, 06 Aug 2026 10:05 AM IST
Himanshu Awasthi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur ParvKunj Apartment Collapse: काकादेव स्थित नवीननगर में बुधवार सुबह भारी बारिश के बीच पर्व कुंज अपार्टमेंट का 20 बाई 30 फीट पार्किंग एरिया अचानक धंस गया। हादसे से पिलरों और दीवारों में गहरी दरारें आ गईं, जिसके चलते सुरक्षा को देखते हुए छह परिवारों को तुरंत अपार्टमेंट खाली करना पड़ा।
विज्ञापन
1 of 10
पर्व कुंज अपार्टमेंट हादसा - फोटो : amar ujala
कानपुर में काकादेव के नवीननगर में बुधवार सुबह पर्व कुंज अपार्टमेंट का पार्किंग एरिया धंस गया। करीब 20 बाई 30 फीट जमीन धंसने से कई पिलरों में दरारें आ गईं। अपार्टमेंट से सटे हरमीत सिंह और बृज मोहन चाचरा के मकानों में भी दरारें पड़ गईं और टाइल्स चटक गईं। खतरे को देखते हुए अपार्टमेंट खाली करा लिया गया। इससे सिक्योरिटी गार्ड समेत छह परिवारों को अपना सामान लेकर बाहर आना पड़ा।





घटना हार्मोनी डीलक्स अपार्टमेंट से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई, जहां जुलाई में बारिश के दौरान बेसमेंट का हिस्सा धंस चुका है। अपार्टमेंट निवासियों ने हादसे के लिए मेट्रो टनल निर्माण के दौरान हुई ड्रिलिंग को जिम्मेदार ठहराया जबकि मेट्रो ने इससे इन्कार किया है। नवीननगर स्थित 111/एल-60 में वर्ष 2003 में संजय मित्तल ने पर्व कुंज अपार्टमेंट बनवाया था। इसमें छह फ्लैट और एक गार्ड रूम है।
विज्ञापन

2 of 10
पर्व कुंज अपार्टमेंट हादसा - फोटो : amar ujala
पिलरों और दीवारों में दिखाई देने लगीं दरारें
चार फ्लैटों की बिक्री हो चुकी है, जबकि दो किराये पर उठे हैं। यहीं करीब पांच साल से परिवार के साथ रह रहे सिक्योरिटी गार्ड एसएच चौहान ने बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे बेसमेंट के बाहर जमीन धंसती देख फ्लैट मालिकों को सूचना दी। कुछ ही देर में पिलरों और दीवारों में दरारें दिखाई देने लगीं। खतरा देखते हुए लोग बाहर निकल आए और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
विज्ञापन

3 of 10
पर्व कुंज अपार्टमेंट हादसा - फोटो : amar ujala
अचानक जमीन में दरारें आईं और पानी उसमें जाने लगा
सिक्योरिटी गार्ड ने बताया कि रात से हो रही बारिश के कारण सुबह पूरी गली में घुटने तक पानी भरा था। अपार्टमेंट के बाहर बनी गहरी नाली ओवरफ्लो होने से पानी पार्किंग एरिया में पहुंचने लगा। अचानक जमीन में दरारें आईं और पानी उसमें जाने लगा। इसके बाद पिलर से जुड़ी दीवार और आगे लगा गेट गिर गया। हादसे के समय एक फ्लैट में रहने वाली आकांक्षा संगल की कार पार्किंग में खड़ी थी] जिसे लोगों ने तुरंत बाहर निकाल लिया।

4 of 10
पर्व कुंज अपार्टमेंट हादसा - फोटो : amar ujala
बारिश में मिट्टी धंसने से हुई है घटना
इसके बाद पार्किंग का बड़ा हिस्सा धंस गया और गार्ड रूम में भी दरारें आ गईं। उधर, अपार्टमेंट निवासियों का कहना है कि जनवरी में मेट्रो की टनल निर्माण के लिए ड्रिलिंग कराई गई थी। उस दौरान आसपास के मकानों में लगे सबमर्सिबल पंप भी हटवाए गए थे। लोगों का आरोप है कि ड्रिलिंग से जमीन कमजोर हुई और बारिश के पानी के दबाव में धंसाव हुआ। वहीं सूचना पर पहुंची मेट्रो की टीम ने जांच की। यूपीएमआरसी का कहना है कि बारिश में मिट्टी धंसने से घटना हुई है।
विज्ञापन

5 of 10
पर्व कुंज अपार्टमेंट हादसा - फोटो : amar ujala
दरारों के डर से सामान समेटकर निकले परिवार
पर्व कुंज अपार्टमेंट में संदीप जैन, डॉ. निशांत, नीरज कपूर, श्रेयांश पांडेय, हिमांशु संगल और सिक्योरिटी गार्ड एसएच चौहान का परिवार रहता है। हिमांशु संगल के दो फ्लैट हैं। हादसे के बाद सभी परिवारों ने गृहस्थी का सामान बाहर निकाला। कुछ रिश्तेदारों के यहां चले गए जबकि कुछ ने दूसरी जगह ठिकाना खोज लिया। पांच साल से गार्ड की नौकरी कर रहे एसएच चौहान पत्नी राधा और चार बच्चों के साथ सबसे ज्यादा परेशान हुए। उनका सामान सड़क पर रखा रहा।
विज्ञापन

6 of 10
पर्व कुंज अपार्टमेंट हादसा - फोटो : amar ujala
समुद्र जैसी आ रही थी आवाज
अपार्टमेंट के गार्ड एसएस चौहान, उनकी बेटी अंजली और शिवानी ने बताया कि सुबह बारिश हो रही थी। तभी अचानक नाली से पानी अंदर आने लगा। बहुत तेज आवाज आ रही थी ऐसा लग रहा था जैसे समुद्र की आवाज हो। जमीन में दरार आ गई और पानी उसके नीचे जाने लगा। अब यहां रहना खतरे जैसा है इसलिए जगह छोड़ना ही बेहतर है।
विज्ञापन

7 of 10
पर्व कुंज अपार्टमेंट हादसा - फोटो : amar ujala
हार्मोनी अपार्टमेंट में निर्माण में नहीं मिली थी खामी
हार्मोनी डीलक्स अपार्टमेंट में जुलाई में भारी बारिश के दौरान बेसमेंट और जमीन का हिस्सा धंस गया था। कई वाहन मलबे में दब गए थे। केडीए ने सुरक्षा कारणों से अपार्टमेंट खाली कराकर सील कर दिया था। एचबीटीयू की जांच में निर्माण में कोई खामी नहीं मिली थी।

8 of 10
पर्व कुंज अपार्टमेंट हादसा - फोटो : amar ujala
  • बारिश के कारण सुबह नौ बजे पूरी गली में पानी भरा था। ऑफिस पहुंचने के बाद घर से फोन आया तो वापस लौटकर सामान बाहर निकाला।  -नीरज कपूर, फ्लैट मालिक
  • मिस्त्री बुलाकर जांच कराई तो बिल्डिंग आगे और साइड से करीब तीन इंच झुकी मिली। मेट्रो ड्रिलिंग से जमीन कमजोर होने की आशंका है।  -हिमांशु संगल, फ्लैट मालिक
  • पर्व कुंज अपार्टमेंट से सटे भवन की दीवारों में दरारें आ गई हैं और टाइल्स चटक गई हैं। अब सुरक्षा को लेकर डर लग रहा है।  -हरमीत सिंह, पड़ोसी
  • तीसरे खंड पर दो फ्लैट हैं। हादसे के बाद दोनों के अंदर दीवारों पर दरारें आ गईं। रिश्तेदारों को बुलाकर पूरा सामान बाहर निकाला।  -आकांक्षा संगल, फ्लैट मालिक

9 of 10
पर्व कुंज अपार्टमेंट हादसा - फोटो : amar ujala
बारिश में मिट्टी धंसने से हादसा हुआ है। इसका मेट्रो से कोई लेना-देना नहीं है। इससे पहले हार्मोनी मामले में भी एचबीटीयू की रिपोर्ट में जल निकासी की समस्या सामने आई थी।  -पंचानन मिश्रा, संयुक्त महाप्रबंधक, जनसंपर्क विभाग, यूपीएमआरसी
विज्ञापन

10 of 10
पर्व कुंज अपार्टमेंट हादसा - फोटो : amar ujala
अपार्टमेंट के नीचे से मेट्रो की टनल गई है। ड्रिलिंग से जमीन खोखली हुई, जिससे हादसा हुआ। सुरक्षा के लिए अपार्टमेंट खाली करा लिया गया है। मेट्रो को पत्र लिखकर जांच कराने और रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।  - सीबी पांडेय, विशेष कार्याधिकारी, जोन-2, केडीए
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें