फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur: कागजों में गड्ढामुक्त हो गईं सड़कें, 30 करोड़ मरम्मत के नाम पर खपाए, शासन ने दिए जांच के आदेश

Tue, 02 Dec 2025 10:46 AM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur News: कानपुर में 30 करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद विभागों ने सड़कों को केवल कागजों में गड्ढामुक्त दिखाया है, जबकि जमीनी हकीकत खराब है। इस पर शासन ने गड्ढामुक्त अभियान की जांच के आदेश दिए हैं।
विज्ञापन
1 of 8
रावतपुर क्रासिंग खराब सड़क से निकलते लोग - फोटो : amar ujala
कानपुर शहर में कागजों में सभी सड़कें गड्ढामुक्त हो गईं। नगर निगम ने शासन को भी सभी सड़कें गड्ढामुक्त होने की रिपोर्ट भेज दी। उधर, शासन ने भी गड्ढामुक्त अभियान की जांच के आदेश दिए हैं। इसके लिए अभियंता भी नियुक्त किए हैं। बरसात में शहर की करीब एक चौथाई सड़कों में गड्ढे हो गए थे। रामादेवी से लेकर आईआईटी तक जीटी रोड, मैनावती मार्ग में अनगिनत गड्ढे थे। पनकी, कल्याणपुर, विश्वबैंक, बर्रा, आवास विकास सहित तमाम जगह सड़कों से गिट्टी तक गायब हो गई थी।

बरसात का मौसम खत्म होते ही शासन ने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, एनएच पीडब्ल्यूडी सभी क्षतिग्रस्त सड़कें दीपावली से पहले गड्ढामुक्त करने के आदेश दिए थे। कई सड़कों में पैचवर्क ही नहीं हुआ। जहां हुआ उनमें से भी कई सड़कों में पैचवर्क के नाम पर गड्ढे भरते हुए समतलीकरण न होने से लाखों शहरवासी हिचकोले खाने के लिए मजबूर हैं। नगर निगम से ज्यादा बदतर हालत पीडब्ल्यूडी की सड़कों की है।
विज्ञापन

2 of 8
पनकी मंदिर गेट नंबर 4 से गंगागंज की ओर जाने वाली सड़क - फोटो : amar ujala
30 करोड़ रुपये पानी की तरह बहाए
समय बीतने पर भी यह कार्य पूरा न हो पाया, तब शासन ने इसके लिए 15 नवंबर तक का समय बढ़ाने के साथ ही सभी सड़कों को गड्ढामुक्त की रिपोर्ट भी तलब की। उधर, पैचवर्क के नाम पर इन विभागों ने जनता की गाढ़ी कमाई के करीब 30 करोड़ रुपये पानी की तरह बहाए, पर जनता को ही सड़कों के गड्ढों से निजात नहीं मिली। बत दें कि पांडुनगर गुरुद्वारा रोड, शास्त्रीनगर चेन फैक्टरी चौराहे से नहरिया रोड, मरियमपुर चौराहा से कोकाकोला चाैराहा तक सड़कों पर गड्ढे हैं।
विज्ञापन

3 of 8
फजलगंज गोविंदपुरी नए पुल से उतरते ही बैंक ऑफ बड़ोदा चौराहे पर गड्ढे में गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया. - फोटो : amar ujala
केस-1: फजलगंज औद्योगिक क्षेत्र
फजलगंज औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत गड़रियनपुरवा में कालपी रोड स्थित इंडस्टि्रयल एरिया पुलिस चौकी से बैंक आफ बड़ौदा चौराहा रोड सड़क पर गड्ढे हैं। यह सड़क आगे बैंक ऑफ बड़ाैदा चौराहे से फजलगंज फायर स्टेशन रोड में मिलती है, वहां करीब 40 मीटर दायरे में सड़क टूटी है। वहां एक गैराज में काम करने वाले राधेश्याम, बबलू, मदन कुमार ने बताया कि बरसात में यह सड़क टूटी थी। इस सड़क पर पैचवर्क ही नहीं कराया गया। शिकायत करने पर बरसात में मिट्टी डाल दी थी। अब दिनभर धूल उड़ती रहती है। एक साल पहले नगर निगम ने करीब 60 लाख रुपये से यह सड़क बनवाई थी।

4 of 8
सड़क पर गड्ढे - फोटो : amar ujala
केस-2: परमट मंदिर रोड
ग्रीनपार्क से आनंदेश्वर मंदिर आने-जाने वाली परमट रोड में जगह-जगह गड्ढे हैं। कई जगह गिट्टी भी फैली है। पूर्व पार्षद कीर्ती अग्निहोत्री ने बताया कि नगर निगम ने इस सड़क के गड्ढे नहीं भरवाए। क्षेत्रवासियों के साथ ही रोज हजारों श्रद्धालु आते-जाते हैं, पर नगर निगम की लापरवाही के कारण सभी हिचकोले खाते हुए आने-जाने के लिए मजबूर हैं।
विज्ञापन

5 of 8
पनकी गंगागंज काली मठिया मंदिर के पास सड़क की जर्जर हालत - फोटो : amar ujala
केस-3: पनकी मंदिर-पड़ाव रोड पर खानापूरी
पनकी मंदिर से कालपी रोड आने जाने वाली पनकी पड़ाव रोड भी पैचवर्क के नाम पर खानापूरी की गई। बुढ़वा मंगल से पहले पनकी हनुमान मंदिर से गंगागंज स्थित एटीएम चौराहे तक यह सड़क हाॅटमिक्स प्लांट से बनवा दी गई थी, पर उसके आगे से पनकी पड़ाव क्राॅसिंग होते हुए कालपी रोड तक जगह-जगह आधा से एक फीट गहरे अनगिनत गड्ढे हैं। कई जगह कई-कई मीटर सड़क टूटी है।
विज्ञापन

6 of 8
सूटरगंज में खराब पडी सड़क - फोटो : amar ujala
केस-4: सूटरगंज रोड में नहीं हुआ पैचवर्क
सूटरगंज में वीआईपी रोड से ग्वालटोली चौराहा रोड होते हुए चुन्नीगंज आने-जाने वाली सड़क को भी नगर निगम गड्ढामुक्त नहीं कर पाया। सूटरगंज निवासी अतुल, राहगीर सुनील शुक्ला आदि ने बताया कि इस सड़क पर पैचवर्क ही नहीं हुआ।
विज्ञापन

7 of 8
गरडियनपुरवा रोड जर्जर - फोटो : amar ujala
केस-5: हैलट रोड में चार बार उखड़ा पैच
पीडब्ल्यूड़ी ने हैलट रोड में पोस्टमाॅर्टम हाउस से लाला लाजपत राय मेट्रो स्टेशन होते हुए अस्पताल गेट तक चार बार पैचवर्क कराया। फिर भी इस सड़क में गड्ढे हो गए। राहगीरों ने अभियंताओं पर ठेकेदारों की मिलीभगत से घटिया निर्माण कराने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन

8 of 8
पनकी गंगागंज काली मठिया के पास सड़क की जर्जर हालत - फोटो : amar ujala
सड़कें गड्ढामुक्त कर दी गई हैं। कई जगह फिर से सड़कें टूटी हैं। वहां पैचवर्क कराया गया है। सभी जोनल अभियंताओं को ऐसी सड़कों को भी गड्ढामुक्त करने के लिए कहा है। 
-एसएफए जैदी, मुख्य अभियंता

 
सड़कों पर पैचवर्क कराने पर भी कई जगह गड्ढे हो जाते हैं। ऐसी सड़कों पर फिर से पैचवर्क कराया जाता है। हैलट रोड मेट्रो की वजह से क्षतिग्रस्त हो गई है। इसे अगले वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना में शामिल कर बनवाया जाएगा।  -अनूप मिश्रा, अधिशासी अभियंता, पीडब्लूडी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें