कानपुर में स्वरूप नगर स्थित कॉनकॉर्ड अपार्टमेंट में सोमवार रात हुई मधु कपूर की हत्या के पीछे इरादा लूटा का ही था यह तथ्य पुलिस की जांच में कमजोर पड़ता जा रहा है। क्योंकि पुलिस को वारदात के बाद मधु के हाथ में हीरे की अंगूठी, कान के टॉप्स, चेन, लॉकेट के अलावा पास ही फर्श पर लाखों के जेवरात बिखरे मिले थे।
यदि हत्यारे लूट के इरादे सेे आते तो इन्हें क्यों छोड़ जाते। जब बदमाश फ्लैट से निकलकर गए थे तो उनके हाथ खाली थे, सीसीटीवी में यह कैद हुआ था। इसलिए लूट की थ्योरी कमजोर पड़ती जा रही है। पुलिस की जांच अब करोड़ों के प्रॉपर्टी विवाद, निवेश और लेनदेन की ओर घूम गई है।
दरअसल, पुलिस को जांच में पता चला कि मधु रुपयों के लेनदेन में काफी सख्त थीं। अधिक रुपये कमाने के लिए उन्होंने कई प्रॉपर्टियों में करोड़ों का निवेश भी कर रखा था। सूत्रों के अनुसार कॉनकॉर्ड अपार्टमेंट में दो फ्लैट, नवशील धाम अपार्टमेंट की मार्केट में तीन कॉमर्शियल भूखंड (एक उनके नाम व दो बेटी के नाम) व गुलमोहर अपार्टमेंट में भी करोड़ों का एक फ्लैट ले रखा था।
पुलिस को आशंका है कि उन्होंने कई अन्य प्रोजेक्टों में भी करोड़ों का निवेश कर रखा था। पुलिस आशंका जता रही है कि उनके निवेश पर किसी की नीयत खराब हो गई हो और रकम वापसी का दबाव बनाने पर उसने साजिश के तहत उनकी हत्या करा दी। पुलिस उनकी सभी संपत्तियों और निवेशों का ब्यौरा खंगालने में जुटी है। इसके लिए बेटियों व करीबियों से भी पूछताछ की गई है।
विज्ञापन
2 of 5
मधु कपूर हत्याकांड
- फोटो : अमर उजाला
कॉमर्शियल भूखंड को लेकर था 15 साल पुराना विवाद
पुलिस सूत्रों के अनुसार नवशील धाम में कॉमर्शियल भूखंड में कब्जे को लेकर 15 साल पुराना विवाद चल रहा था। हालांकि, वर्तमान में इस भूखंड पर भी मधु का ही कब्जा था। पुलिस ने जांच में इस बिंदु को भी शामिल किया है।
विज्ञापन
3 of 5
मधु कपूर हत्याकांड
- फोटो : अमर उजाला
नौकरानी ने देखा था रुपये देते हुए
नौकरानी सावित्री ने पुलिस को बताया था कि दोनों बदमाशों ने मालकिन से रुपये और जेवरात मांगे थे। इस पर मालकिन ने बदमाशों को 500 रुपये की गड्डी निकाल कर दी थी। इसके बाद उसे बाथरूम में बंद कर दिया था। ऐसे में पुलिस को आशंका है बदमाशों ने जानबूझ कर नौकरानी के सामने रुपये मांगे थे, ताकि लूट दिखे पर इरादा हत्या का था।
4 of 5
मधु कपूर हत्याकांड
- फोटो : अमर उजाला
एक फ्लैट बेचने वाली थीं
उनके घरेलू डॉ. एसएन शर्मा ने बताया कि मधु ने उनसे गुलमोहर अपार्टमेंट वाले फ्लैट को बिकवाने के लिए कहा था। इसके लिए उन्होंने पांच करोड़ की डिमांड की थी। वह मधु को सप्ताह में एक बार मल्टी विटामिन के इंजेक्शन लगाने आते थे।
बदमाशों को पहले किसी ने नहीं देखा था अपार्टमेंट में
क्राइम ब्रांच ने अपार्टमेंट में काम करने वाले सभी गार्डों व कर्मचारियों को बदमाशों के फुटेज व तस्वीरें दिखा कर उनके संबंध में पूछताछ की, लेकिन सभी ने उन्हें पहली बार ही देखने की जानकारी दी। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने के लिए किसी जानकार ने रेकी की थी।