कानपुर में 26 सितंबर की मानसूनी बारिश ने नया रिकॉर्ड बनाया है। इस दिन 24 घंटे में 204 मिमी बारिश दर्ज की गई है। शनिवार को इतना पानी बरसा जितना बीते 55 साल में नहीं बरसा। 26 सितंबर 1993 को अधिकतम बारिश 62 मिमी दर्ज की गई थी। लगातार दो दिन हुई बारिश ने शहर में दुश्वारियों की बाढ़ ला दी है।आवास-विकास-तीन में नाला ओवरफ्लो होने से 150 घरों में पानी घुस गया। सीसामऊ नाला ओवरफ्लो होने से खलासी लाइन, ग्वालटोली और वीआईपी रोड में जलभराव हो गया।
200 से ज्यादा औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन ठप हो गया। बाजार में ग्राहक भी कम आए। इससे बाजार और उद्योगों को 500 करोड़ की चोट लगी है। पांडु नदी में जलस्तर बढ़ने से जरौली में पानी घुस गया। एनडीआरएफ और प्रशासन की टीम ने 16 परिवारों को बाहर निकाला। बारिश के चलते जमकर फॉल्ट हुए। इस कारण कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही। जरौली में 34 घंटे तक बिजली न आने से इनवर्टर तक बंद हो गए। पानी का संकट खड़ा गया। कई इलाकों में 10 से 12 घंटे तक बिजली गुल रही।