फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कानपुर: ‘जल से जला जीवन',  बारिश का 55 साल का रिकॉर्ड टूटा, नाले और सड़कें लबालब, घरों-दुकानों में घुसा पानी

Sun, 27 Sep 2026 10:08 AM IST
Himanshu Awasthi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur News: कानपुर में 26 सितंबर को मानसूनी बारिश ने 55 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जहां 24 घंटे में रिकॉर्ड 204 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस मूसलाधार बारिश से सीसामऊ और आवास-विकास-तीन के नाले ओवरफ्लो हो गए, जिससे 150 से अधिक घरों व पॉश इलाकों में पानी भर गया। पांडु नदी के उफान से जरौली में घुसे पानी के बाद एनडीआरएफ ने 16 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला।
विज्ञापन
1 of 7
कानपुर में बारिश का कहर - फोटो : amar ujala
कानपुर में 26 सितंबर की मानसूनी बारिश ने नया रिकॉर्ड बनाया है। इस दिन 24 घंटे में 204 मिमी बारिश दर्ज की गई है। शनिवार को इतना पानी बरसा जितना बीते 55 साल में नहीं बरसा। 26 सितंबर 1993 को अधिकतम बारिश 62 मिमी दर्ज की गई थी। लगातार दो दिन हुई बारिश ने शहर में दुश्वारियों की बाढ़ ला दी है।आवास-विकास-तीन में नाला ओवरफ्लो होने से 150 घरों में पानी घुस गया। सीसामऊ नाला ओवरफ्लो होने से खलासी लाइन, ग्वालटोली और वीआईपी रोड में जलभराव हो गया।
200 से ज्यादा औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन ठप हो गया। बाजार में ग्राहक भी कम आए। इससे बाजार और उद्योगों को 500 करोड़ की चोट लगी है। पांडु नदी में जलस्तर बढ़ने से जरौली में पानी घुस गया। एनडीआरएफ और प्रशासन की टीम ने 16 परिवारों को बाहर निकाला। बारिश के चलते जमकर फॉल्ट हुए। इस कारण कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही। जरौली में 34 घंटे तक बिजली न आने से इनवर्टर तक बंद हो गए। पानी का संकट खड़ा गया। कई इलाकों में 10 से 12 घंटे तक बिजली गुल रही।
विज्ञापन

2 of 7
कानपुर में बारिश का कहर - फोटो : amar ujala
मध्यम से तेज बारिश हो सकती है
शनिवार को सितंबर महीने में होने वाली बारिश का भी रिकॉर्ड बना है। 55 साल में तीसरी बार सितंबर में 436.8 मिमी रिकॉर्ड की गई है। इसके पहले वर्ष 1978 और वर्ष 2003 में इससे अधिक बारिश हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को घने बादल छाए रहेंगे। मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। इसके बाद आसमान साफ रहने की संभावना है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम विभाग की वेधशाला में 24 घंटे में 204 मिमी बारिश दर्ज की गई।
विज्ञापन

3 of 7
कानपुर में बारिश का कहर - फोटो : amar ujala
दो दिन में सन शाइन ऑवर शून्य
अधिकतम तापमान सामान्य औसत 33.4 डिग्री से 8.2 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य औसत 23.2 डिग्री से 3.2 डिग्री कम रहा है। मौसम विभाग के नोडल एवं तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि अगले 24 घंटों में मध्यम से घने बादल छाए रहने के कारण मध्यम से भारी वर्षा का दौर जारी रहेगा। लगातार बारिश के कारण दो दिन से सन शाइन ऑवर शून्य रिकॉर्ड किए गए। 27 सितंबर को सुबह तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा के आसार हैं। दोपहर के बाद से मौसम साफ होने लगेगा और धूप खिलने की संभावना है।

4 of 7
कानपुर में बारिश का कहर - फोटो : amar ujala
किसान इन बातों का रखें ध्यान
भारी बारिश का अलर्ट अब समाप्त हो चुका है। 28 सितंबर दिन सोमवार को आसमान मुख्य रूप से साफ और आंशिक रूप से धूप वाला रहेगा। किसान अत्यधिक वर्षा के कारण जल निकास का उचित प्रबंध करें। परिपक्व फसलों की कटाई शीघ्र पूरा करें। कटी फसलों को धूप में अच्छी तरह सुखाकर मड़ाई का कार्य करें। किसी भी आपदा की स्थिति में कंट्रोल रूम फोन नंबर 1070 राज्य स्तर पर तथा जनपद स्तर पर 1077 पर फोन कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
विज्ञापन

5 of 7
कानपुर में बारिश का कहर - फोटो : amar ujala
इन वर्षों में सितंबर में 400 मिमी से अधिक बारिश
  • वर्ष 1978: 482.7 मिमी
  • वर्ष 1985: 409.3 मिमी
  • वर्ष 2003: 453.6 मिमी
  • वर्ष 2026: 436.8 मिमी
विज्ञापन

6 of 7
कानपुर में बारिश का कहर - फोटो : amar ujala
मानसूनी सीजन की बारिश की स्थिति
  • जून: सामान्य बारिश-70.2 मिमी, हुई 70.2 मिमी
  • जुलाई: सामान्य बारिश 272.5 मिमी, हुई 327.7 मिमी
  • अगस्त: सामान्य बारिश 242.6 मिमी, हुई 535.3 मिमी
  • सितंबर: सामान्य बारिश 169 मिमी, हुई 436.8 मिमी
  • मानसूनी सीजन के चार महीनों की कुल सामान्य बारिश- 769.6 मिमी
  • मानसूनी सीजन के चार महीनों में हुई कुल 1370 मिमी बारिश
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
कानपुर में बारिश का कहर - फोटो : amar ujala
अगस्त 1950 को बरसा था सबसे अधिक 212.3 मिमी पानी
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि कानपुर परिक्षेत्र में अब तक एक दिन में सर्वाधिक बारिश 212.3 मिमी 21 अगस्त वर्ष 1950 को हुई थी। अन्य वर्षों में एक दिन में 150 से 175 मिमी के आसपास के रिकॉर्ड रहे हैं। 28 सितंबर 1981 को 154 मिमी, 13 सितंबर 2022 को 150.8 मिमी बरसात हुई थी। 13 सितंबर 2022 को 24 घंटे में 150.8 मिमी मूसलाधार बारिश दर्ज की गई थी। 17 सितंबर 2024 को 120.6 मिमी बारिश हुई थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें