कानपुर में इन दिनों चिड़ियाघर विदेशी पक्षियों की चहचहाहट से चहक रहा है। भारतीय उपमहाद्वीप एवं दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में पाए जाने वाले पक्षियों ने चिड़ियाघर की झील किनारे डेरा डाल रखा है। नाइट हेरॉन, पॉन्ड हेरॉन, पेन्टेड स्टॉर्क, ओपेन बिल स्टार्क, कॉमन ग्रेहार्नबिल जैसे पक्षी अपनी खूबसूरती से लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
दरअसल, ये पक्षी जिन देशों से आते हैं, वहां ठंड अधिक होती है। ऐसे में यहां का मौसम उनके भोजन और प्रजनन के लिए मुफीद होता है। इसी वजह से हर साल नवंबर और दिसंबर में इनका आना शुरू हो जाता है। ठंड कम होते ही ये पक्षी अपने-अपने देशों के लिए उड़ जाते हैं। चिड़ियाघर के अधिकारियों की मानें तो ये पक्षी साइबेरिया, कंबोडिया, मंगोलिया, चाईना और यूरोपीय देशों से आते हैं। साइबेरियन पक्षियों की संख्या ज्यादा होती है।