सर्दियों के मौसम में शहरवासी देसी-विदेशी पक्षियों समेत अन्य वन्यजीवों को आसानी से देख सकें, इसलिए शनिवार को चिड़ियाघर स्थित जंगल सफारी को फिर खोल दिया गया है। जंगल सफारी के अंदर बने वाच टॉवर और झील के ऊपर बने लकड़ी के पुल पर खड़े होकर पक्षियों और धूप सेंकते घड़ियाल देख दर्शक रोमांचित हो उठे।
चिड़ियाघर निदेशक केके सिंह ने फीता काटकर जंगल सफारी की शुरुआत की। पहले दिन 33 लोगों ने जंगल सफारी का रोमांच लिया। वन्यजीवों के साथ उन्हें कई पेड़ों की जानकारी भी मिली। वाच टॉवर पर खड़े होकर जंगल के खूबसूरत नजारों को लोगों ने अपने कैमरे में कैद किया। मौसम ठीक होने से चिड़ियाघर में दश्कों की संख्या में इजाफा हुआ। खिली धूप में दर्शक चिड़ियाघर घूमने पहुंचे। निदेशक केके सिंह ने बताया कि जंगल सफारी में दस-दस दर्शकों के समूह को प्रवेश दिया जाएगा।