कानपुर बेमौसम तेज बारिश होने से गुरुवार को जिले के किसानों की चार माह की मेहनत पर पानी फेर दिया। तेज हवा से खेतों में खड़ी गेंहू की पकी फसल गिर गई। बिल्हौर क्षेत्र में खेतों में कटी पड़ी फसलों में पानी में भर गया। इससे गेंहू के उत्पादन में काफी प्रभाव पड़ेगा। वहीं मूंग, उड़द, टमाटर, खरबूजा की फसलें पानी में डूब गईं। जिन खेतों पर कटाई या थ्रेसिंग शुरू हो गई थी उन्हें बंद करना पड़ा।
खेतों पर कटी पड़ी फसल हवा में उड़कर दूसरे खेतों पहुंच गई। जिन्हें किसान बारिश में समेटते नजर आए। अब धूप निकलने के एक-दो दिन बाद ही काम शुरू हो सकेगा। हालांकि इस बारिश ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी। जिले में 90 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में गेंहू की फसल तैयार खड़ी है। अप्रैल की शुरूआत से ही तेजी से गेंहू की कटाई चल रही है। कई किसानों की फसल कट भी चुकी है।