कानपुर में सचान चौराहे के पास स्थित ग्लोबल कॅरियर एकेडमी की इमारत में गुरुवार सुबह आग लग गई। इमारत का बेसमेंट धधक रहा था। धुआं हर कोने में भरा था। फंसे छात्र जान बचाने को चीख पुकार कर रहे थे। दहशत और खौफ से भरा यह माहौल करीब बीस मिनट तक रहा।
इतनी देर तक यह सभी मौत के मुहाने पर खड़े रहे। जब दमकल कर्मियों ने इनको मशक्कत के बाहर निकाला तब इन छात्रों के अलावा पुलिस, प्रशासन और दमकल के अधिकारियों व कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। आग सुबह करीब सवा नौ बजे लगी।
शुरुआत में बेसमेंट में स्थित गोदाम में काम कर रहे कर्मचारी आग बुझाने का प्रयास करने लगे। जब वह नाकाम रहे और आग ने पूरे बेसमेंट को चपेट में ले लिया। करीब साढ़े नौ बजे दमकल को सूचना दी गई। दस मिनट में दमकलकर्मी पहुंचे। सबसे पहले बच्चों को बाहर निकाला।