कानपुर में कर्रही के मालवीय नगर में रविवार सुबह एक निर्माणाधीन मकान के सोख्ता टैंक में जहरीली गैस से तीन मजदूरों की मौत के बाद उनके परिजनों ने भारी बवाल किया। पुलिस से हाथापाई तक हुई। ठेकेदार भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया था इसलिए उसका भी प्राथमिक उपचार कराया गया। इलाज होने के बाद पुलिस ने उसको हिरासत में ले लिया। मकान मालिक की तलाश जारी है।
पीड़ित परिजन इन दोनों पर कार्रवाई करने के साथ-साथ मुआवजे की मांग कर रहे थे। एडीसीपी साउथ का कहना है कि प्रशासन को उनकी मांगों से अवगत कराया गया है। दरअसल, घटना के बाद अमित कुमार व अंकित पाल के शव अस्पताल से सीधे मोर्चरी भेज दिए गए। अमित जहानाबाद व अंकित कठोंगर बिधनू का रहने वाला था। बिधनू के धरहर निवासी शिवा के भाई मोनू, अरुण, विष्णु समेत दर्जनों लोग पहुंच गए।