कन्नौज सदर तहसीलदार अरविंद कुमार पर भाजपाइयों ने मंगलवार दोपहर उनके ही घर में घुसकर पत्नी और आठ साल की बच्ची के सामने हमला कर दिया। दो लेखपालों को भी दौड़ाया। तहसीलदार को काफी चोटें लगी हैं। एक लेखपाल भी घायल है। मौके पर दो बाइकें मिली हैं। एक पर भाजपा के झंडे के रंग का निशान और जिला मीडिया प्रभारी लिखा है।
विज्ञापन
2 of 5
हमले के बाद चोट दिखाते सदर तहसीलदार अरविंद कुमार
- फोटो : amar ujala
तहसीलदार ने तहरीर देकर 20-25 हमलावरों में भाजपा सांसद सुब्रत पाठक को भी शामिल बताया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सांसद ने आरोपों से इनकार किया है। एडीएम और एसडीएम सदर की मौजूदगी में तहसीलदार का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया है। तहसीलदार ने बताया कि सांसद सुब्रत पाठक की ओर से उन्हें अनाज वितरण की सूची भेजी गई थी। उन्होंने नायब तहसीलदार को सूची देकर जल्द वितरण को कह दिया था।
दोपहर 12:59 बजे सांसद का फोन आया और राशन न पहुंचने की बात कही। अरविंद कुमार ने नायब तहसीलदार को सूची दे देने की बात बताई। आरोप है कि सांसद गाली-गलौज कर तहसीलदार को धमकी देने लगे। बोले, वह कार्यालय पहुंच रहे हैं। तहसीलदार ने बताया कि धमकी से डरकर उन्होंने डीएम, एडीएम और एसडीएम सदर को इसकी जानकारी दी। फिर एसडीएम सदर के कहने पर अपने आवास पर आ गए थे।
4 of 5
हमले के बाद सदर तहसीलदार अरविंद कुमार
- फोटो : amar ujala
करीब सवा दो बजे सांसद 20-25 लोगों के साथ उनके आवास पर पहुंचे और दरवाजा पीटने लगे। पत्नी और बच्ची रोने लगी तो तहसीलदार बाहर आए। तहसीलदार के मुताबिक आवास में ही बने उनके कार्यालय में सांसद उनकी कुर्सी पर बैठे थे। सांसद के राशन न देने की वजह पूछने पर वह सफाई देने लगे तो मोबाइल छीनकर हमला कर दिया। साथ आए लोग भी उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूसे बरसाने लगे। बचाने आए लेखपाल रामबरन और अमित राय को दौड़ा लिया। रामबरन बच गए। अमित राय को पीटकर घायल कर दिया।
मौके पर एसडीएम सदर शैलेष कुमार एडीएम गजेंद्र कुमार
- फोटो : amar ujala
तहसीलदार अरविंद कुमार मूल रूप से प्रयागराज जिले की सोरांव तहसील के होलागढ़ थानांतर्गत कमईपुर गांव के रहने वाले हैं। पत्नी अलका रावत लखनऊ के काकोरी ब्लॉक के ईंट गांव के जूनियर हाईस्कूल में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। तहसीलदार पर हमले की खबर से पूरे जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीएम राकेश कुमार मिश्रा, एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, एडीएम गजेंद्र कुमार, सदर एसडीएम शैलेष कुमार मौके पर पहुंचे। तहसीलदार अरविंद कुमार को एडीएम और सदर एसडीएम के साथ मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। सदर एसडीएम शैलेष कुमार ने कहा कि घटना बेहद दुखद है।