गाजीपुर में भाजपा महिला मोर्चा ने मणिपुर के कांग्रेस सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर महिलाओं और लड़कियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर सरयू पांडेय पार्क में धरना दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर सांसद तिराहे पर पुतला फूंका।
गाजीपुर में मणिपुर के कांग्रेस सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर महिलाओं और लड़कियों के साथ कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए भाजपा महिला मोर्चा ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष साधना राय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरयू पांडेय पार्क में एक दिवसीय धरना दिया। इसके बाद जुलूस निकालकर सांसद तिराहे पर कांग्रेस सांसद का पुतला फूंका। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत मौजूद रहीं।
विज्ञापन
महिलाओं के सम्मान का मुद्दा उठाया
सरयू पांडेय पार्क में धरने को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और गरिमा से किसी भी परिस्थिति में समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी।
विज्ञापन
महिला मोर्चा की प्रभारी प्रियंका दूबे ने महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सांसद के खिलाफ नाराजगी जताते हुए विरोध दर्ज कराया।
सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष विभा पाल भाजपा में शामिल
कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक गतिविधि भी देखने को मिली। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष विभा पाल को स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर भाजपा की सदस्यता दिलाई।
जुलूस निकालकर फूंका पुतला
धरना-प्रदर्शन के बाद भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सरयू पांडेय पार्क से जुलूस निकाला। जुलूस सांसद तिराहे पर पहुंचा, जहां कांग्रेस सांसद का पुतला फूंककर विरोध जताया गया। कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष साधना राय ने सभी के प्रति आभार जताया। संचालन किरन सिंह ने किया।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह, पूर्व विधायक सुनीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, मरदह ब्लॉक प्रशासक सीता सिंह, शीला सोनकर, सरोज मिश्रा, रंजू विश्वकर्मा, मीरा श्रीवास्तव, माया सिंह, सरोज भारती, रम्भा राय, मीनू कुशवाहा, नीलम सिंह, सुमन बिंद, नीलिमा गांधी और गोदावरी राजभर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।