दिल्ली में तीन लोगों की जान लेने के आरोपी तांत्रिक कमरुद्दीन को लेकर चाैंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। दिल्ली पुलिस आरोपी को लेकर फिरोजाबाद स्थित उसके आवास पर पहुंची। यहां कमरे से भी चाैंकाने वाली सामग्री मिली।
दिल्ली के पीरगढ़ी के सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड के आरोपी तांत्रिक कमरुद्दीन को लेकर दिल्ली पुलिस बृहस्पतिवार देर शाम फिरोजाबाद आई। पुलिस टीम आरोपी को कस्टडी में लेकर रामगढ़ थाना क्षेत्र के आकाशवाणी रोड, अजमेरी गेट स्थित उसके आवास पर पहुंची, जहां करीब एक घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इससे पहले ही आरोपी के पांच बेटे, जो इस घर में रहते हैं। वह मौके से फरार हो गए।
आरोपी कमरुद्दीन को लेकर फिरोजाबाद और दिल्ली पुलिस के सामने बेहद चौंकाने वाले खुलासे आए हैं। अजमेरी गेट स्थित उसके आवास पर तलाशी के दौरान दिल्ली पुलिस को जो सुराग मिले, उनसे साफ हो गया कि कमरुद्दीन सिर्फ तंत्र-मंत्र का ढोंग ही नहीं करता था, बल्कि वह ठगी और हत्या का एक शातिर अपराधी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि कमरुद्दीन लोगों को पैसा दोगुना करने का झांसा देकर फंसाता था। वह शुरुआत में लोगों को विश्वास दिलाने के लिए छोटी रकम लेता था। उदाहरण के तौर पर यदि कोई उसे एक हजार रुपये देता, तो वह अपनी कलाबाजी से गद्दे के नीचे हाथ डालकर उसे दो हजार रुपये बनाकर वापस कर देता था।
विज्ञापन
2 of 5
मैरिज हॉल
- फोटो : अमर उजाला
जब लोगों का उस पर भरोसा पक्का हो जाता, तो वह उनसे पांच से दस लाख रुपये तक ले लेता था। जब पीड़ित अपनी भारी-भरकम रकम वापस मांगते, तो उन पैसों को वापस न करना पड़े, इसके लिए कमरुद्दीन बेहद शातिर तरीका अपनाता था। वह उन देनदारों को लड्डू में जहर देकर मौत के घाट उतार देता था। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि आरोपी कमरुद्दीन को दिल्ली पुलिस लेकर आई थी। रामगढ़ थाना पुलिस के साथ दिल्ली पुलिस की टीम उसके घर पर सर्च करने पहुंची थी। दिल्ली पुलिस ने जो भी कुछ बरामद किया है, वह उसे अपने साथ ले गई है। दिल्ली पुलिस को जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है।
विज्ञापन
3 of 5
तांत्रिक कमरुद्दीन
- फोटो : अमर उजाला
कमरे में मिला ये सामान
तलाशी के दौरान पुलिस उस समय दंग रह गई, जब घर के एक कमरे में भारी मात्रा में तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक से जुड़ी सामग्री मिली। पूछताछ में खुलासा हुआ कि कमरुद्दीन पिछले 20 वर्षों से तंत्र विद्या का खेल कर रहा था। वह लोगों की लाइलाज बीमारियों को ठीक करने का झांसा देता था। वह बिना किसी चीर-फाड़ या ऑपरेशन के, सिर्फ शरीर पर सफेद कपड़ा डालकर पथरी निकालने का जादुई दावा करता था। पुलिस जांच में सामने आया कि कमरुद्दीन ने काफी समय तक चंद्रवार गेट स्थित एक दरगाह में अपना ठिकाना बनाया हुआ था। वहां वह बच्चों की नजर उतारने और झाड़ा लगाने का काम करता था, जिससे उसने आसपास के क्षेत्र में अपनी पैठ बना ली थी।
4 of 5
आरोपी तांत्रिक गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
आरोपी की आर्थिक स्थिति और संपत्तियों की जांच में पुलिस को आकाशवाणी रोड पर ही बिस्मिल्ला नाम से एक पुश्तैनी मैरिज होम मिला है। इसे वर्तमान में उसके बच्चे किराए पर उठाते हैं। कमरुद्दीन के पांच बेटे शमीद्दीन, मैनुद्दीन, अमुरद्दीन, चमन और आरिफ नाम के पांच बेटे हैं। यह मजदूरी का काम करते हैं। पुलिस को पड़ोसियों से जानकारी मिली है कि उसने एक से अधिक शादियां की हैं, हालांकि पुलिस को अभी उसकी पत्नियों के नाम स्पष्ट नहीं हो सके हैं। दिल्ली पुलिस घर से मिली संदिग्ध सामग्री को जब्त कर और आरोपी को वापस अपने साथ दिल्ली ले गई है।
ऑर्गनो फॉस्फोरस मिलाकर खिलाता है लड्डू, पिलाता है पानी
कमरुद्दीन ने फिरोजाबाद के मक्खनपुर में ही 13 मई 2025 को दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया था। पूरन और रामनाथ की मौत के मामले में पुलिस ने जांच के दौरान लिए लड्डू और पानी के सैंपल व विसरा की आगरा एफएसएल से जांच कराई थी। एफएसएल ने रिपोर्ट दी थी कि कमरुद्दीन ने ऑर्गनो फॉस्फोरस जैसा घातक विषाक्त देकर इनकी हत्या की थी। पुलिस का कहना है कि ऑर्गनो फॉस्फोरस, एक अत्यंत जहरीला रसायन है। इसका उपयोग आमतौर पर कीटनाशकों में किया जाता है। इसके सेवन से इंसान का तंत्रिका तंत्र तुरंत काम करना बंद कर देता है, जिससे चंद मिनटों में मौत हो जाती है।