चित्रकूट जिला जेल में ईद के दिन (14 मई) तीन खूंखार अपराधियों के बीच हुए गैंगवार और तीनो की मौत के बाद मामले की जांच कर रहे डीआईजी जेल संजीव त्रिपाठी ने तीसरे दिन रविवार को जेल में पहुंचकर निलंबित जेल अधीक्षक श्रीप्रकाश त्रिपाठी और जेलर महेंद्र पाल को आमने-सामने बैठाकर करीब तीन घंटे तक पूछताछ की। त्रिपाठी ने दोनों निलंबित अफसरों से गैंगवार के दिन दोनों का मिनट टू मिनट काम जानने का प्रयास किया। इस दौरान किसी को भी जेल परिसर में नहीं जाने दिया गया। डीआईजी जेल संजीव त्रिपाठी मामले की विभागीय जांच कर रहे हैं। रविवार को निलंबित जेल अधीक्षक श्रीप्रकाश त्रिपाठी व जेलर महेंद्र पाल से पूछताछ के बाद डीआईजी जेल ने निलंबित वार्डन संजय खरे, हरीशंकर व पीएसी जवान अमित को भी बुलाया और इन तीनों से भी पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक, सभी का कहना था कि गैंगवार के दौरान जेल की बैरक या गेेट के पास मौजूद नहीं थे।