उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में पुलिस ने सोमवार को एक ऐसे मर्डर केस का खुलासा किया है, जिसे जानकर हर किसी की रूह कांप गई। खुलासा हुआ है कि ट्रक के केबिन में बैठकर नफीस ने मनप्रीत को खूब बीयर पिलाई। फिर नशे की हालत में उसके ऊपर पहले लोहे की रॉड से हमला किया, बाद में लात मारकर ट्रक से नीचे फेंक दिया। इसके बाद ट्रक के पहिये से उसे आखिरी सांस तक कुचला। पुलिस ने नफीस को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद हत्याकांड का खुलासा कर दिया। हत्यारोपी को चालान कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
वहीं सोमवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि नेशनल हाईवे-74 पर अफजलगढ़ क्षेत्र में गांव जिकरी वाला के पास एक महिला का क्षत विक्षत शव मिला था। शव की पहचान मनप्रीत कौर पत्नी सुखबीर सिंह निवासी भीकमपुरी थाना बाजपुर जिला उधम सिंह नगर उत्तराखंड के रूप में हुई। मनप्रीत के पति ने नफीस अहमद पुत्र जमीर अहमद गांव मनियावाला थाना अफजलगढ़ के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने नफीस अहमद को गिरफ्तार कर लिया। जिसकी निशानदेही पर महिला का आधार कार्ड और मोबाइल फोन समेत आला कत्ल लोहे की रॉड और ट्रक बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मनप्रीत के साथ उसके प्रेम संबंध थे, वह उसके साथ रहने की जिद कर रही थी। साथ नहीं रखने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी।