महाशिवरात्रि पर शनिवार को नाथ नगरी बरेली में देवघर और काशी जैसा दृश्य देखने को मिला। अलखनाथ मंदिर के कपाट शुक्रवार मध्यरात्रि में ही श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। सभी नाथ मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। सभी ने गंगाजल चढ़ाकर गंगाधर का अभिषेक किया। जयघोष से मंदिरों सहित नगर की सड़कें भी गुंजायमान रहीं। जत्थों के रूप में शिवभक्त मंदिरों में पहुंचते रहे। तमाम श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर शिव और शक्ति की उपासना की। जगह-जगह शिव बरात भी निकाली गई।
मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने गंगाजल के साथ ही दूध, शहद आदि से भी महादेव का अभिषेक किया। बेलपत्र, भांग, धतूरा, फल आदि भी भगवान शिव को अर्पित किया। धूप-दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ ही धन और अनाज आदि का चढ़ावा भी किया। शहरभर में देर रात तक धार्मिक कार्यक्रम होते रहे। हर-हर महादेव के जयकारों की गूंज रहीं।