Pilibhit Crime News: सागर हत्याकांड में सनसनीखेज कहानी सामने आई है। कातिलों ने बर्बरता की हदें पार कर दीं। आरोपियों ने पहले हत्या कर शव फेंका, फिर दोबारा जाकर किए शव के छह टुकड़े कर दिए।
Murder In Pilibhit Crime News:पीलीभीत के बिथरा गांव के पूरनलाल उर्फ सागर की हत्या के बाद शव के बर्बरता से टुकड़े करने की घटना में चौथा नाम भी सामने आया है। पुलिस की टीमें चौथे आरोपी की तलाश में जुट गई हैं। वहीं, आरोपियों ने पूछताछ में हत्या की सनसनीखेज कहानी बताई। आरोपियों ने बताया कि गला दबाने से मौत के बाद पूरनलाल के शव को पुल के नीचे ले जाकर फेंक आए। गांव लौटने पर दोबारा योजना बनाकर पहुंचे और शरीर के छह टुकड़े कर बोरे में भरकर फेंका।
न्यूरिया के बिथरा गांव में 10 मार्च की रात को घर से जाने के बाद अगवा हुए पूरनलाल उर्फ सागर (16) पुत्र रामबहादुर का पांचवें दिन शुक्रवार की दोपहर 12 बजे न्यूरिया क्षेत्र के मडरिया गांव के निकट रोहतनिया पुल के नीचे शव मिला था।
विज्ञापन
2 of 6
मृतक के घर पुलिस और गांव वाले
- फोटो : अमर उजाला
शव के मिले थे छह टुकड़े
बोरे में बंद शव को बाहर निकालने पर शरीर के छह टुकड़े मिले थे। सूचना पर एसपी अविनाश पांडेय ने अफसरों के साथ मौका मुआयना कर घटना के खुलासे के लिए चार टीमें लगाईं गईं। परिजनों ने गांव के लोगों पर रंजिश में हत्या का आरोप लगाया। इस मामले में पूरनलाल के पिता रामबहादुर की ओर से 12 मार्च को न्यूरिया थाने में अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमे में आरोपियों के नाम शामिल कर हत्या की धारा बढ़ाई गई थी। मामले में शनिवार को पुलिस ने बिथरा गांव के बॉबी, शिवम और अमरिया के कैमोर गांव के प्रमोद को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया।
विज्ञापन
3 of 6
पूरनलाल उर्फ सागर का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
शव को बाइक से लाए और रोहतनिया पुल के पास फेंका
हत्या में प्रयुक्त बंका और एक बाइक भी बरामद की थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 10 मार्च को तीनों ने जमकर शराब पी। रात करीब 11 बजे पूरनलाल घर से निकलकर जाता हुआ दिखा। इसपर आरोपियों ने मारपीट करने का इरादा बनाकर उसे पकड़ लिया। गांव के बाहर ले जाकर उसकी पिटाई की। इस दौरान गला दबाने से उसकी मौत हो गई। इसपर आरोपी शव को बाइक से रोहतनिया पुल के पास ले गए और फेंक दिया।
4 of 6
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
शव को बर्बरता के साथ काटा
वहीं, शव को पुल के नीचे फेंककर गांव लौटने के बाद हत्या के बारे में शिवम को बताया। इसपर चार लोगों ने उसको काटने की योजना बनाई। बॉबी बकरे, मुर्गे काटने का काम करता था। रात को ही चारों आरोपी दोबारा पुल के नीचे पहुंचे और शव को बर्बरता के साथ काटा। हाथ, पैर, सिर को अलग-अलग कर टुकड़ों को बोरे में बंद कर फेंक दिया। इसके बाद आरोपी घर आ गए।
विज्ञापन
5 of 6
पोस्टमार्टम हाउस पर लोग
- फोटो : अमर उजाला
गला दबाने और अधिक खून बहने की हुई थी पूरनलाल की मौत
मृतक पूरनलाल के शव का तीन चिकित्सकों के पैनल ने पोस्टमॉर्टम किया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में अधिक खून बहने और गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई है। शव का शनिवार को परिजनों ने गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया था। अब पुलिस प्रकाश में आए चौथे आरोपी को पकड़ने के प्रयासों में जुटी है। चौथा आरोपी भी बिथरा गांव का बताया जा रहा है।
एक लाख रुपये की डिमांड कर रहे थे आरोपी
एक साल पहले हुई मारपीट में आरोपी शिवम पक्ष की ओर न्यूरिया थाने में मृतक पूरनलाल समेत परिवार के सात लोगों के खिलाफ मारपीट और एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। चार्जशीट लगाने के बाद कुछ दिन पूर्व न्यायालय से समन आए थे। पुलिस की पूछताछ में यह भी बात सामने आई कि आरोपी पक्ष मुकदमे में समझौता करने में पूरनलाल से एक लाख रुपये की मांग कर रहा था।