फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरेली में गरजा बुलडोजर: मौलाना तौकीर के करीबी आरिफ के रसूख का किला ध्वस्त, आठ घंटे चली कार्रवाई; तस्वीरें

Sun, 23 Nov 2025 10:29 AM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली

सार

बरेली में बीडीए ने शनिवार को मौलाना तौकीर के करीबी आरिफ का तीन मंजिला शोरूम और 16 अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया। सात बुलडोजरों से आठ घंटे तक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई चली। इस दौरान दोनों जगहों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।  
विज्ञापन
1 of 12
आरिफ की अवैध संपत्तियां ध्वस्त - फोटो : अमर उजाला
बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के सात बुलडोजरों ने शनिवार को कॉलोनाइजर मोहम्मद आरिफ के रसूख को रौंद डाला। पीलीभीत बाइपास रोड पर उसके बरातघर फ्लोरा गार्डन के बगल में बने गारमेंट व इंटीरियर डेकोरेशन के तीन मंजिला शोरूम, जिम और जगतपुर रोड पर ढाई साल पहले बनी 16 दुकानों वाली अवैध मार्केट को ध्वस्त कर दिया। मोहम्मद आरिफ 26 सितंबर को शहर में हुए बवाल के मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा का करीबी है। बीडीए ने आरिफ के दो बरातघरों फहम लॉन, फ्लोरा गार्डन और स्काई लार्क होटल को पिछले महीने ही सील कर दिया था। पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बीडीए के बुलडोजर शनिवार सुबह 11 बजे मौके पर पहुंचे। शोरूम व मार्केट की दुकानों को खाली कराया गया। इसके बाद दोनों जगह सात बुलडोजर गरजे। करीब आठ घंटे तक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई चली।
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 12
कार्रवाई के दौरान तैनात रहा पुलिस बल - फोटो : अमर उजाला
पुलिस टीम ने इलाके को चारों ओर से अपने घेरे में ले लिया, फिर एडीएम सिटी सौरभ दुबे की अगुवाई में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हुई। कार्रवाई के दौरान पीलीभीत रोड पर जाम भी लगता रहा। जगतपुर मार्ग पर स्थित दुकानों को तोड़ने से पहले पुलिस ने सड़क के दोनों किनारों पर लगे बिजली के खंभों में रस्सी बांधकर आवागमन रोक दिया था। शाम तक आलीशान इमारतों की जगह मलबे का ढेर लग गया।
विज्ञापन

3 of 12
आरिफ की अवैध मार्केट पर चला बुलडोजर - फोटो : अमर उजाला
ऐसे चली कार्रवाई
  • 10 बजे : जगतपुर मार्केट के पास पुलिस और बुलडोजर के साथ बीडीए कर्मी पहुंचे।
  • 10:15 बजे : एडीएम सिटी व सीओ तृतीय के साथ मजिस्ट्रेट रत्निका श्रीवास्तव पहुंचीं।
  • 10:30 बजे : बिजली आपूर्ति रोकी गई।
  • 11 बजे : दुकानों पर तीन बुलडोजर गरजने लगे।
  • 4 बजे : सभी 16 दुकानें जमींदोज हो गईं।

4 of 12
आरिफ की अवैध संपत्तियां ध्वस्त - फोटो : अमर उजाला
शोरूम पर हुई तोड़फोड़
11 बजे : दो बुलडोजर व पुलिस टीम के साथ बीडीए की टीम मौके पर पहुंची।
11:05 बजे : एसडीएम राम जनम यादव व बीडीए के अधिकारी आए।
12 बजे : एडीएम सिटी व सीओ के आने पर शोरूम खाली करने का काम तेज हुआ।
12:15 बजे : दो बुलडोजरों ने शुरू की तोड़फोड़। 
6 बजे : आधा शोरूम टूटने से रह गया, काम बंद।
 
विज्ञापन

5 of 12
पोकलेन मशीन से तोड़ा गया शोरूम - फोटो : अमर उजाला
शोरूम गिराने में हांफे तीन बुलडोजर
फ्लोरा गार्डन स्थित गारमेंट शोरूम की मजबूती के सामने बीडीए के तीन बुलडोजर हांफते नजर आए। शाम तक पुरजोर कोशिश के बाद भी वह उसे टस से मस नहीं कर सके। अब रविवार को पोकलेन मशीन से उसे गिराने का दावा किया जा रहा है। कॉलोनाइजर आरिफ के बरातघर फ्लोरा गार्डन के बगल वाले हिस्से में शानदार शोरूम बनाया गया है, जिसमें इन दिनों नामी गारमेंट कंपनी का स्टोर संचालित था। पुलिस व बीडीए की टीम ने सुबह ही स्टोर मालिक को इसे खाली करने के लिए कह दिया था। यूं तो कुछ दिन पहले ही इमारत गिराने का नोटिस दिया जा चुका था। शनिवार को जब कार्रवाई शुरू हुई तो स्टोर से बचा खुचा माल बाहर निकालने की होड़ मच गई। 
विज्ञापन

6 of 12
अवैध मार्केट पर पोकलेन मशीन और बुलडोजरों से हुई कार्रवाई - फोटो : अमर उजाला
बीडीए की टीम ने इस शोरूम को तोड़ने के लिए एक के बाद एक करके तीन बुलडोजर लगाए। मजदूरों ने अलग से बरातघर व शोरूम की दीवारों पर घन व हथौड़े बजाए। बावजूद शोरूम को गिराया नहीं जा सका। इस दौरान जगतपुर की मार्केट पर पोकलेन मशीन चलती रही और शाम से पहले ही मार्केट की सभी 16 दुकानें गिरा दीं। अधिकारियों ने बताया कि रविवार को शोरूम पर भी पोकलेन मशीन ही लगाई जाएगी। अधिकतम दो घंटे में शोरूम को तोड़ने का प्रयास किया जाएगा। 
विज्ञापन

7 of 12
जगतपुर में आरिफ की मार्केट पर चला बुलडोजर - फोटो : अमर उजाला
आज भी गरजेगा बुलडोजर
नक्शे के विपरीत बने आरिफ के अन्य व्यावसायिक भवन भी ढहाए जाएंगे। बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार ने बताया कि शनिवार को आरिफ के शोरूम और 16 दुकानों को ढहाने के लिए सात बुलडोजर लगाए गए थे। दुकानें तो ढह गईं, पर शोरूम का कुछ हिस्सा रह गया। शाम छह बजे कार्रवाई रोक दी गई। अभी शोरूम का काफी हिस्सा टूटने से रह गया है, जिस पर रविवार को फिर बुलडोजर गरजेगा। नक्शे के विपरीत बने आरिफ के अन्य व्यावसायिक भवन भी ढहाए जाएंगे। इनमें फहम लॉन, फ्लोरा गार्डन और स्काई लार्क होटल शामिल हैं। 

8 of 12
मलबे के ढेर में बदली आरिफ की इमारत - फोटो : अमर उजाला
नाले और सड़क पर अवैध रूप से बनी थीं 16 दुकानें
बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार ने बताया कि जगतपुर की सभी 16 दुकानें नाले-सड़क की जमीन पर अवैध रूप से बनी थीं। इनको ध्वस्त करने का आदेश वर्ष 2024 में और पीलीभीत मार्ग स्थित शोरूम के ध्वस्तीकरण का आदेश 2022 में हुआ था। महीने भर पहले इन्हें सील किया गया था। नक्शा पास कराए बिना ही दोनों निर्माण कराए गए थे। नोटिस देकर सुनवाई का अवसर दिया गया। नोटिस का कोई जवाब नहीं मिलने पर यह कार्रवाई की गई है।
 

9 of 12
नफीस के बरातघर पर चले थे बुलडोजर - फोटो : अमर उजाला
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई 
इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के करीबी और बवाल के आरोपी डॉ. नफीस की नावल्टी स्थित मार्केट को नगर निगम ने सील कर दिया। इसमें 74 दुकानें हैं। इसी मार्केट में आईएमसी का दफ्तर भी था। उसे भी सील कर दिया गया है। नाले पर कब्जा कर मार्केट बनाई गई। नफीस के जखीरा मोहल्ले में स्थित बरातघर रजा पैलेस को भी बीडीए ने गिरा दिया था। बीडीए और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बानखाना में सपा पार्षद उमान रजा के अवैध चार्जिंग स्टेशन को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया था। नरियावल में मौलाना तौकीर के करीबी शराफत का बरातघर सील कर दिया। 

10 of 12
कार्रवाई देखते हुए स्थानीय लोग - फोटो : अमर उजाला
लोगों ने बयां किए रसूख के किस्से 
बुलडोजर कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद लोगों ने आरिफ के रसूख के कुछ किस्से बयां किए, लेकिन नाम बताने से परहेज करते रहे। लोगों ने बताया कि आरिफ जब भी कोई बिल्डिंग बनवाता था तो बीडीए वाले उसकी तरफ झांकते तक नहीं थे। जबकि, अन्य लोग यदि कोई नई दीवार भी बनाएं तो प्राधिकरण पीछा नहीं छोड़ता है।

11 of 12
ध्वस्त हुई आरिफ की अवैध मार्केट - फोटो : अमर उजाला
जगतपुर इलाके में आरिफ ने नाले और सड़क की जमीन पर मार्कंट बनाई थी। पीलीभीत मार्ग पर भी बहुत कम कीमत पर जमीनें खरीदकर कई व्यावसायिक भवन खड़े कर लिए। आकाशपुरम गेट नंबर एक के निवासी बताते हैं कि ढाई साल पहले जब आरिफ मॉर्केट तैयार कर रहा था तो उस समय मोहल्ले के किसी व्यक्ति में विरोध करने की हिम्मत नहीं थी। धीरे-धीरे उसने कई स्थलों पर बेशकीमती जमीनों पर कब्जा कर लिया या दबाव बनाकर बहुत कम कीमत पर खरीद लिया।

 
विज्ञापन

12 of 12
आरिफ की अवैध मार्केट हुई ध्वस्त - फोटो : अमर उजाला
रसूख के दम खड़े किए थे भवन 
कॉलोनाइजर मोहम्मद आरिफ अपने रसूख के दम पर व्यावसायिक भवन खड़े करता रहा। उसके सामने नियम-कानून बौने साबित हुए। जगतपुर स्थित 16 दुकानों की मार्केट को ध्वस्त करने का आदेश वर्ष 2024 में, पीलीभीत मार्ग पर स्थित शोरूम को ढहाने का नोटिस वर्ष 2022 में जारी हुआ था। इसके बाद भी कार्रवाई ठप रही। समय बदला तो रसूख के महल जमींदोज हुए। अब वहां बची बुनियाद बदहाली बयां कर रही है।

ध्वस्तीकरण कार्रवाई के दौरान की तस्वीरें 

जगतपुर रोड स्थित कॉलोनाइजर आरिफ की मार्केट के बाहर तैनात पुलिस बल ने लोगों को आने से रोका। 


जगतपुर रोड स्थित कॉलोनाइजर आरिफ की मार्केट से समान निकालकर ले जाते लोग।


फ्लोरा गार्डन के पास आरिफ के शोरूम की छत तोड़ते मजदूर। 

संबंधित वीडियो 

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें