आपने इंसानों की प्रेम कहानियों अक्सर सुनी होंगी, लेकिन लखीमपुर खीरी के दुधवा में हाथियों के प्रेम की अजब-गजब कहानी सामने आई है। दुधवा टाइगर रिजर्व में पालतू हाथी गजराज पर इश्क का ऐसा खुमार चढ़ा कि उसने लोहे की जंजीरें तोड़ दीं। वह जंगल में भाग गया। उसके साथ छह हथिनी भी फरार हो गईं। गजराज और हथिनियों को ढूढ़ने के लिए कई टीमें लगाई गईं। ड्रोन कैमरों से जंगल में तलाश की गई। 15 दिन तक खाक छानने के बाद गजराज और हथिनियों का पता चला। इसके बाद उन्हें वापस उनके ठिकाने पर लाया गया।