बलिया जिले के दुर्जनपुुर गांव में गुरुवार को कोटा आवंटन के लिए बुलाई गई खुली बैठक में भाजपा कार्यकर्ता द्वारा एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने के मामले पर योगी सरकार ने कल से ही सख्त रुख कायम किया है। कुछ देर पहले एडीजी जोन वाराणसी ब्रज भूषण पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने परिजनों के साथ ही ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
एडीजी ने कहा कि एक व्यक्ति मुख्य आरोपी के भाई देवेंद्र प्रताप सिंह गिरफ्तार है, शेष की गिरफ्तारी जल्द किया जाएगा, कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। मुकदमा दर्ज करने के अलावा भी संवैधानिक कार्रवाई की जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति अपराध करने से 100 बार सोचेगा। एडीजी से बात करते हुए मृतक की बेटी ने कहा जान के बदले जान चाहिए। वहीं पत्नी ने मृतक की पत्नी धर्मशिला ने बच्चों के पालन पोषण के लिए 50 लाख रुपये और एक बच्चे के लिए सरकारी नौकरी की मांग की।
कल अधिकारियों के सामने हुई हत्या के मामले को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेहद गंभीरता से लिया था। घटना को लेकर गुरुवार शाम को ही प्रदेश सरकार ने बैठक में मौजूद रहे एसडीएम, सीओ और ग्यारह पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया था। साथ ही आरोपी भाजपा कार्यकर्ता धीरेंद्र के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएम योगी ने अधिकारियों की भूमिका की जांच के निर्देश भी पहले ही दिए हैं। इससे पहले अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने घटना की जानकारी होने पर आजमगढ़ के डीआईजी सुभाष चंद्र दुबे को तत्काल मौके पर पहुंंचने के निर्देश दिए थे। प्रारंभिक रिपोर्ट मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।