फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी में चार बच्चों का कत्ल: जहर दे ईंट और हथौड़े से सिर पर किए वार, खून ही खून, मां ने इसलिए मारा; पूरी कहानी

Sun, 03 May 2026 08:21 AM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, अंबेडकर नगर

सार

अंबेडकरनगर में चार बच्चों की हत्या से हर कोई हैरान है। महिला ने अपने चार बच्चों को बर्बरता से मार डाला। परदेश में पति ने दूसरी शादी कर ली। पति चार साल से दुबई से नहीं लौटा था। इस बात से खफा महिला ने वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद महिला फरार हो गई।
विज्ञापन
1 of 16
ambedkarnagar murder case - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
यूपी के अंबेडकरनगर जिले से दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने चार बच्चों का कत्ल कर दिया। वजह चौंकाने वाली है। दरअसल, सऊदी अरब में पाकिस्तानी महिला से दूसरा निकाह कर पति का चार साल से घर नहीं लौटना चार बच्चों के जीवन को निगल गया। 

अकबरपुर स्थित घर पर बच्चों के साथ रह रही पहली पत्नी शनिवार दोपहर चारों बच्चों की हत्या कर भाग गई। पुलिस पहुंची तो घर अंदर से बंद मिला। पहली मंजिल के रास्ते घर में दाखिल होकर कमरे में पहुंची तो चार बच्चों के शव पड़े मिले। पुलिस परिवार के लोगों से पूछताछ के साथ महिला की तलाश कर रही है।
 
विज्ञापन

2 of 16
उमरा करने गए पूरे परिवार की एक साथ ली गई तस्वीर। - फोटो : फाइल फोटो
एसपी प्राची सिंह के अनुसार, पति के दूसरी शादी करने के बाद से पहली पत्नी की उससे अनबन चल रही थी। वह चार साल से घर नहीं लौटा था। इसी तनाव के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है। महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

 
विज्ञापन

3 of 16
अकबरपुर के मीरानपुर स्थित घर का शनिवार को जायजा लेने पहुंची एसपी प्राची सिंह - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
चार बच्चों के साथ रहती थी महिला
महरुआ के कसड़ा निवासी नियाज (37) सऊदी अरब में नौकरी करता है। उसने चार साल पहले मीरानपुर, मुरादाबाद में पत्नी गासिया खातून (34) के नाम पर मकान बनवाया था। यहां गासिया अपने बड़े बेटे शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और बेटी बयान (8) उर्फ सादिया के साथ रहती थी। 

 

4 of 16
मीरानपुर में शनिवार को घटना की जानकारी मिलने पर घर के निकट जुटी स्थानीय लोगों की भीड़ - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बच्चों से संपर्क न होने पर पिता ने भाभी को किया फोन
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह 7:30 बजे सबसे पहले दूधवाला गासिया के घर पहुंचा। दरवाजा खटखटाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो वह लौट गया। दोपहर तक बच्चों से फोन पर संपर्क न होने पर नियाज ने शहजादपुर निवासी भाभी बकीतुनिशा से पता करने को कहा। इस पर भाभी ने पुलिस को सूचना दी। दोपहर तीन बजे पुलिस पहुंची तो घर अंदर से बंद था।

 
विज्ञापन

5 of 16
अकबरपुर के मीरानपुर में शनिवार को घटना की जानकारी मिलने पर घर के निकट जुटी स्थानीय लोगों की भीड़ - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पुलिस पहली मंजिल की बालकनी पर चढ़कर घर में दाखिल हुई। पहली मंजिल के कमरे में तखत पर बच्चों के शव खून से लथपथ पड़े मिले। सूचना पर डीआईजी सोमेन वर्मा, डीएम ईशा प्रिया, एसपी प्राची सिंह ने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक टीम के साथ जांच की। पुलिस को घर से एक मोबाइल बरामद हुआ है। पुलिस ने चारों शवों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
विज्ञापन

6 of 16
मीरानपुर में शनिवार को घर के अंदर घटना के साक्ष्य जुटाते डीआईजी सोमेन वर्मा, डीएम ईशा प्रिया व एसपी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बेरहमी से कत्ल... ईट व हथौड़े से सिर पर किए वार, दीवार और बिस्तर में मिले खून के छींटे
एसपी प्राची सिंह ने बताया कि कमरे की दीवार से लेकर बिस्तर तक खून के छींटे फैले थे। बच्चों के उल्टी करने के भी निशान मिले हैं। शक है कि हत्या से पहले खाने में कुछ विषैला पदार्थ मिलाकर दिया गया। इसके बाद बेरहमी से हत्या की गई। बच्चों के सिर पर ईंट व हथौड़े से प्रहार किए जाने की आशंका है। हालांकि कमरे से ऐसा कुछ नहीं मिला है।
विज्ञापन

7 of 16
मीरानपुर में शनिवार को घटना की जानकारी मिलने पर घर के निकट जुटी स्थानीय लोगों की भीड़ - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ये सवाल भी उठ रहे
हत्या से पहले जहरीला पदार्थ खिलाया तो बचा खाना कहां गया? बर्तन साफ मिले। महिला किसकी मदद से बालकनी से कूदकर भागी? मां का अपने ही बच्चों की निर्मम हत्या करना लोगों के गले नहीं उतर रहा। किसी और का भी हाथ होने की चर्चा।

 

8 of 16
अकबरपुर के मीरानपुर स्थित घर का शनिवार को जायजा लेने पहुंचे डीआईजी सोमेन वर्मा। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मायके पक्ष के लोग हिरासत में
अंबेडकरनगर के भीटी के सम्मनपुर छितैनिया में गासिया के मायके में देर शाम पुलिस ने दबिश देकर उसके परिजनों को हिरासत में ले लिया। उन सभी से पुलिस पूछताछ करने में जुटी है। ग्रामीणों के मुताबिक, गासिया के पिता मोहम्मद फैजान की तीन संतानें हैं।
 

9 of 16
मीरानपुर स्थित घर पर शनिवार को एसपी प्राची सिंह को दिशा-निर्देश देते डीआईजी सोमेन वर्मा - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बुआ के बेटे से हुआ था निकाह 
नियाज उनकी सगी बहन का बेटा था। इसी से उन्होंने बेटी गासिया का निकाह किया था। इस घटना से मायके पक्ष के लोग भी स्तब्ध हैं। पुलिस से हुई बातचीत में नियाज ने अपनी पत्नी गासिया के सीधे-साधे होने की बात कही है।

 

10 of 16
अकबरपुर के मीरानपुर स्थित घर का शनिवार को जायजा लेने पहुंची डीएम ईशा प्रिया - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
खून व टूटी चूड़ियों के लिए नमूने 
अकबरपुर के मीरानपुर के जिस मकान के अंदर चार शव मिले हैं। उसके मुख्य दरवाजे से करीब आठ फीट ऊंचाई पर बालकनी है। इसी बालकनी से महिला के कूदकर भागने की आशंका है। नीचे खून के निशान व महिला की टूटी चूड़ियों के टुकड़े भी बिखरे थे। फोरेंसिक टीम ने नमूना लिया है।
 

11 of 16
मीरानपुर स्थित घर से शनिवार को नियाज के परिजनों को पूछताछ के लिए थाने ले जाती पुलिस - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पुलिस वाहन से ले जाने पड़े शव 
वारदात स्थल को जाने वाला रास्ता कच्चा व संकरा था। एंबुलेंस वहां तक नहीं जा पा रही थी। इसके बाद अकबरपुर कोतवाल के वाहन से शव एंबुलेंस तक पहुंचाए गए।

 

12 of 16
आरोपी गासिया खातून - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
फफक पड़ी जेठानी वारदात की
जानकारी होने पर गसिया खातून के घर पहुंची उसकी जेठानी बकीतुलनिशा फफक पड़ीं। वह कुछ बोल नहीं पा रही थीं। अपने बच्चों का कत्ल कर गासिया भाग निकली इस बात का उनको विश्वास नहीं हो रहा था। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह पूर्व उसकी गासिया से मुलाकात हुई थी। 
 

13 of 16
विलाप करती बच्चों की दादी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
वह अपने भतीजों का अंतिम बार चेहरा देखना चाहती थीं। सीओ नीतीश कुमार तिवारी से गुहार लगाने पर महिला को अंदर जाने दिया गया। उधर, गांव में बच्चों की दादी अमीना का रो-रोकर बुरा हाल है। रिश्तेदार व ग्रामीण बुजुर्ग अमीना को समझाते हुए नजर आए।

14 of 16
अकबरपुर के मीरानपुर में शनिवार को घर के मुख्य द्वार के निकट घटना के बारे में जानकारी जुटाते पुलिसकर - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
नियाज के बड़े भाई की तहरीर पर दर्ज हुई प्राथमिकी
हत्या के बाद देर शाम नियाज के भाई व बच्चों के बड़े पिता सलीम ने आरोपी गासिया खातून के खिलाफ हत्या करने की तहरीर दी है। तहरीर में बताया गया है कि उनके भतीजों और भतीजी को महिला ने पहले खाने में विषाक्त पदार्थ मिलाकर खिलाया। इसके बाद उनकी हत्या कर दी। इंस्पेक्टर श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

 

15 of 16
मीरानपुर में शनिवार को घर से मृत बच्चों को मर्चरी हाउस ले जाने के लिए वाहन में ले जाते पुलिसकर्मी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जांच में प्रथम दृष्ट्या यह पता चल रहा है कि महिला ने ही अपने चार बच्चों की हत्या की। इसके बाद बालकनी से कूदकर भाग गई। वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की छह टीमें लगाई गई हैं।- प्राची सिंह, एसपी
विज्ञापन

16 of 16
अकबरपुर के मीरानपुर में इसी घर में घटी घटना - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
घटनाक्रम
दोपहर 02:00 बजे नियाज अहमद ने अपनी भाभी व रिश्तेदारों को घर जाने के लिए फोन किया।
दोपहर 03:00 बजे रिश्तेदारों की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची।
03:15 बजे डायल 112 के जवान पहली मंजिल की बालकनी के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुए।
03:30 बजे पुलिस को चार बच्चों की हत्या की जानकारी हुई।
03:45 बजे इंस्पेक्टर श्रीनिवास पांडेय पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे।
04:15 बजे एसपी प्राची सिंह ने घटनास्थल पर जांच शुरू की।
04:57 बजे बच्चों के शवों को पुलिस की गाड़ी से पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया गया।
05:30 बजे परिवार के लोगों को कोतवाली लाकर पूछताछ शुरू की गई।
06:21 बजे डीआईजी अयोध्या परिक्षेत्र सोमेन वर्मा ने घटनास्थल पर जांच की।
06:24 बजे डीएम ने घटनास्थल पर पूरे प्रकरण की जानकारी ली।
06:45 बजे एसपी प्राची सिंह ने कोतवाली पहुंचकर परिजनों से वार्ता की।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें