फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

माघ मेले में हुई मुसीबतों की बारिश, जलजमाव, कीचड़ से फिसलन

Thu, 09 Jan 2020 01:28 AM IST
विनोद सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
विज्ञापन
1 of 9
magh mela prayagraj - फोटो : प्रयागराज
संगम की रेती पर आस्था के महापर्व माघ मेले के आरंभ होने में चौबीस घंटे ही शेष रह गए हैं। वहीं रेती पर कल्पवास करने के लिए श्रद्धालुओं का दूर-दूर से आने का सिलसिला भी जारी है। लेकिन, प्रशासन की तमाम कोशिशों के बावजूद मेले में न सामान्य व्यवस्थाएं पूरी हो सकी हैं और न ही आम श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाएं ही मुहैया कराई जा सकी हैं। दलदल की दिक्कतों के साथ बारिश ने ‘कोढ़ में खाज’ का काम किया है।
विज्ञापन

2 of 9
magh mela prayagraj - फोटो : प्रयागराज
सड़क, बिजली, पानी, शौचालय तो दूर चकर्ड प्लेट बिछाने और पांटूल पुलों की व्यवस्था भी पूरी तरह से दुरुस्त नहीं हो सकी है। इसी बीच बारिश ने मेले की तैयारियों को कई दिन पीछे क र दिया है। हर्षवर्धन चौराहे से संगम नोज तक का रास्ता तय करने में सारी तैयारियों की कलई खुल जाती है। दलदल से होने वाली दिक्कतें अभी दूर ही नहीं हुई थीं, पानी से मेले में कीचड़, फिसलन से दिक्कतें दो गुनी हो गईं। चकर्ड प्लेटों पर जमी मिट्टी में बारिश से ऐसी फिसलन हो गई है कि दो पहिया वाहनों से या फिर पैदल चलना भी मुसीबत का सबब बन गया है।
विज्ञापन

3 of 9
magh mela prayagraj - फोटो : प्रयागराज
संभलकर न चलने वालों की पूरे दिन आफत रही। प्रयागराज मेला प्राधिकरण सेक्टर से संगम थाने की ओर जाने वाली सड़क पर दर्जन भर से ज्यादा लोग फिसले और दो पहिया वाहनों से दुर्घटनाएं हुईं। महावीर मार्ग, अक्षयवट, कालीमार्ग, संगम अपर, संगम लोअर, जगदीश रैंप सहित मेले की तमाम सड़कों पर ऐसी ही मुसीबतों का बोलबाला रहा।

4 of 9
magh mela prayagraj - फोटो : प्रयागराज
महावीर मार्ग से दक्षिण की ओर मुड़कर संगम लोअर मार्ग की पूर्वी पट्टी पर, खाक चौक के सामने आधी सड़क पर अब तक चकर्ड प्लेट नहीं पड़ सकी है। जरा सी असावधानी पर गाड़ियां दलदल या बालू में फंस रही हैं। इसी तरह जल निकासी की भी कोई व्यवस्था नहीं है। सेक्टर तीन और सेक्टर चार दोनों में कमोवेश ऐसी ही अव्यवस्थाएं हैं। बिना चकर्ड प्लेट कीचड़ और फिसलन से शिविरों तक सामान पहुंचाने में काफी दिक्कतें आ रही हैं। इसके अतिरिक्त यमुना पट्टी सहित किले से महावीर मार्ग की ओर बढ़ने पर पटरी के किनारे लगी चाय-पान, माला-सिंदूर, डिब्बे, प्रसाद की दुकानों के सामने भी जलजमाव और कीचड़ की स्थिति है। वहीं रेत का बंदोबस्त करना महंगा और मुश्किल है, ऐेसे में लोगों को दुकानों या शिविरों तक जाने में काफी घूमकर जाना पड़ रहा है।
विज्ञापन

5 of 9
magh mela prayagraj - फोटो : प्रयागराज
पुलों पर जाम, फिसलन से मुसीबत

बुधवार को काली मार्ग पर झूंसी की ओर जाने वाले छोटे पुल पर जबर्दस्त जाम लगा रहा क्योंकि पुल पर बिछाई गई चकर्ड प्लेट पर मिट्टी जमी होने के कारण फिसलन बढ़ गई थी। इस पर से होकर झूंसी की ओर जाने वाली गाड़ियां  जरा सी असावधानी में पीछे की ओर लुढ़ककर चली आ रही थीं। दारागंज के राजेश वर्मा और उनके साथी को कई कोशिश के बाद सफलना नहीं मिली तो उन्होंने रास्ता ही बदल दिया। इसी तरह पुल नंबर एक पर भी पश्चिम से पूरब की ओर जाना टेढ़ी खीर रहा। पांटून पुल का पूर्वी छोर इतना ऊंचा बनाया गया है कि चार पहिया वाहनों और ट्रैक्टर ट्राली को उस पर चढ़ाना खतरे को दावत देने जैसा ही रहा।
विज्ञापन

6 of 9
magh mela prayagraj - फोटो : प्रयागराज
संगम नोज सहित गंगा-यमुना पर भी डुबकी को कम जगह

अबकी गंगा के विराट पाट ने मेला प्रशासन की चुनौतियां बढ़ा दी हैं। हालांकि पहले की तरह संगम नोज सहित यमुना पट्टी से लेकर गंगा पट्टी तक घाट बनाए गए हैं और सर्कुलेटिंग एरिया भी ज्यादा रखा गया है। लेकिन, फिलहाल ‘क्यूब्स’ के जो बैरिकेडिंग लगाए गए हैं, उसके मुताबिक संगम नोज पर डुबकी लगाने को अपेक्षाकृत कम जगह बची है। इसी तरह गंगा पट्टी के घाटों पर भी बेदिंग एरिया कम है। यमुना पट्टी की ओर के घाटों पर ही सुगमतापूर्वक स्नान संभव है। वहीं अगर घाटों की ओर फोकस नहीं किया गया तो बिजली के पोल की आखिरी कतार घाटों से ज्यादा दूर हैं, ऐसे में भोर में स्नान में असुविधा हो सकती है।
विज्ञापन

7 of 9
magh mela prayagraj - फोटो : प्रयागराज
पौष पूर्णिमा पर होगा 12 स्पेशल ट्रेनों का संचालन

माघ मेले के पहले स्नान पर्व पौष पूर्णिमा के अवसर पर रेलवे ने 12 स्पेशल ट्रेनों को चलाने की तैयारी की है। सर्वाधिक सात स्पेशल ट्रेन उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन चलाएगा। इसके अलावा पूर्वोत्तर रेलवे तीन एवं उत्तर रेलवे दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा। सभी स्पेशल ट्रेनों की रेलवे ने सूची भी जारी कर दी है।
उत्तर मध्य रेलवे की ओर से दस एवं 11 जनवरी को इलाहाबाद जंक्शन से सुबह 6.30 और 10.15 बजे कानपुर एवं पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन के लिए सुबह 7.30, दिन में तीन बजे, शाम 6.30 बजे स्पेशल ट्रेन समय सारिणी के हिसाब से चलाई जाएगी। इलाहाबाद से मानिकपुर-झांसी के लिए सुबह 8.30 बजे और इलाहाबाद छिवकी स्टेशन से मानिकपुर-सतना-.इटारसी के लिए शाम को 7.30 बजे स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। शेष अन्य ट्रेनें भीड़ के हिसाब से चलाई जाएंगी। इसी तरह पूर्वोत्तर रेलवे 09,10 और 11 जनवरी को इलाहाबाद सिटी स्टेशन से मंडुवाडीह के लिए सुबह 8.40 बजे एवं दोपहर एक बजे स्पेशल ट्रेन चलाएगा। 09 और 10 जनवरी को दोपहर में तीन बजे, रात में 10.15 बजे भी स्पेशल ट्रेन मंडुवाडीह के लिए चलाई जाएगी। इसी क्रम में उत्तर रेलवे  10 जनवरी को प्रयाग जंक्शन से दिन में 2.30 बजे और रात 9.45 बजे अयोध्या के लिए स्पेशल ट्रेन चलाएगा। 

8 of 9
magh mela prayagraj - फोटो : प्रयागराज
पांटून पुल पर वनवे संचालन होगा

प्रयागराज। माघमेला में बनाए गए पांटून पुल पर वन वे संचालन होगा। एसपी ट्रैफिक के अनुसार दारागंज के झूंसी जाने वाले तीर्थयात्री पुल नंबर एक, तीन और पांच का प्रयोग करते हुए झूंसी संगम लोवर मार्ग की ओर जाएंगे। झूंसी की ओर से पांटून पुल संख्या दो और चार का प्रयोग कर दारागंज संगम अपर मार्ग की ओर आएंगे। 
विज्ञापन

9 of 9
magh mela prayagraj - फोटो : प्रयागराज
आज शाम छह बजे से जंक्शन सिविल लाइंस साइड से नो इंट्री

प्रयागराज। माघ मेले के पहले स्नान पर्व पौष पूर्णिमा के अवसर पर इलाहाबाद जंक्शन के सिविल लाइंस साइड से यात्रियों के प्रवेश पर बृहस्पतिवार की शाम छह बजे से नो इंट्री हो जाएगी। यात्रियों की यह नो इंट्री 11 जनवरी की रात 12 बजे तक लागू रहेगी। इस दौरान इलाहाबाद जंक्शन से बाहर आने वाले यात्रियों को सिविल लाइंस साइड से बाहर तो आने दिया जाएगा लेकिन अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जिन यात्रियों के पास आरक्षित टिकट रहेगा उन्हें जंक्शन के सिटी साइड स्थित गेट नंबर चार से प्रवेश मिलेगा। यह व्यवस्था माघ मेले के सभी स्नान पर्व पर लागू रहेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें