फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Traffic In Prayagraj : वाराणसी, मिर्जापुर, लखनऊ मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार, श्रद्धालु परेशान

Tue, 18 Feb 2025 09:03 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

महाकुंभ मेले में माघी पूर्णिमा स्नान के बाद भी श्रद्धालुओं की भीड़ थमने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन संगम क्षेत्र के आसपास के अलावा शहर की सीमाओं पर वाहनों की लंबी कतार लग रही है।
विज्ञापन
1 of 4
मंगलवार को अलोपी मंदिर से लेकर नया बैरहना चौराहा तक लगा भीषण जाम। - फोटो : अमर उजाला।

महाकुंभ मेले में माघी पूर्णिमा स्नान के बाद भी श्रद्धालुओं की भीड़ थमने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन संगम क्षेत्र के आसपास के अलावा शहर की सीमाओं पर वाहनों की लंबी कतार लग रही है। मंगलवार को भी वाराणसी, मिर्जापुर, लखनऊ मार्ग पर श्रद्धालुओं को जाम से घंटों जूझना पड़ा। हालात यह हैं कि राहगीरों को महज आधे घंटे का सफर तय करने में छह से सात घंटे लग रहे हैं।

12 फरवरी को माघी पूर्णिमा का स्नान था। अनुमान था कि इसके बाद से श्रद्धालुओं की भीड़ कम हो जाएगी। अगले दिन 13 फरवरी को इसका असर मेला क्षेत्र में दिखा, लेकिन इसके बाद से लगातार मेले में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। यही वजह है कि श्रद्धालुओं के साथ ही शहरवासियों को रोजाना जाम से जूझना पड़ रहा है। सबसे बुरा हाल शहर की सीमाओं पर है, जिसमें वाराणसी, मिर्जापुर, लखनऊ के अलावा अन्य मार्ग शामिल हैं।

हालांकि मंगलवार को कानपुर, चित्रकूट, कौशाम्बी मार्ग पर जाम की स्थिति सामान्य रही। वहीं, शहर में संगम क्षेत्र के आसपास सोहबतियाबाग, बालसन, चुंगी, अलोपीबाग, सीएमपी, बांगड़ चौराहा, लेप्रोसी समेत अन्य जगहों पर वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ा। यातायात प्रभारी अमित कुमार का कहना है कि मेले में भीड़ की स्थिति को देखते हुए मार्गों पर डायवर्जन प्लान लागू किया जा रहा है। साथ ही बाहरी वाहनों को शहर में प्रवेश दिया जा रहा है।

विज्ञापन

जाम से छात्र भी रहे परेशान

मंगलवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के छात्रों का अंग्रेजी का पेपर था। सुबह 10:30 से दोपहर 1:30 बजे तक इनकी परीक्षा चली। इस दाैरान पत्थर गिरजाघर चौराहा स्थित बिशप जानसन स्कूल एंड कॉलेज में परीक्षा देने आए अलोपीबाग निवासी छात्र अंकित यादव ने बताया कि घर से स्कूल तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण है। परीक्षा के लिए स्कूल में लेट न हों, इसके लिए एक घंटे पहले घर से निकलना पड़ा था।

विज्ञापन

किस हाईवे पर क्या रही जाम की स्थिति

- जौनपुर की ओर से प्रयागराज आने वाले वाहनों की कतार लगी रही। स्थानीय वाहनों समेत कुछ अन्य को ही प्रवेश दिया गया।

- प्रतापगढ़ से प्रयागराज आने वाले वाहन फाफामऊ तक गाड़ियां रेंगती हुई पहुंची। बाहरी गाड़ियों को प्रवेश देने से रोका गया।

- कानपुर-प्रयागराज मार्ग की स्थिति सामान्य रही। एयरपोर्ट, धूमनगंज होते हुए वाहनों को नेहरू पार्क तक आने दिया गया।

- मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर सुबह आठ बजे से दिनभर जाम लगा रहा। मांडा से भीरपुर तक वाहनों की कतार लगी रही।

- प्रयागराज-लखनऊ-रायबरेली मार्ग पर भी दिनभर जाम लगा रहा। नवाबगंज से मलाक हरहर तक रुक-रुक गाड़ियां चलती रहीं।

- चित्रकूट-प्रयागराज मार्ग पर सुबह सात बजे तक जाम लगा रहा। शंकरगढ़ में सिर्फ बसों को रोका गया। अन्य वाहन को इंट्री दी गई।

- प्रयागराज-वाराणसी मार्ग पर सोमवार रात से ही जाम की स्थिति रही। वाहनों को सराय इनायत और फिर अंदावा पार्किंग में रोका गया।

विज्ञापन



 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें