Prayagraj News : भीषण सड़क हादसे में छह की मौत। फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला।
प्रतापगढ़ से 50 बरस पहले शिवगढ़ आ गया था श्याम लाल का परिवार
सोरांव के शिवगढ़ के रहने वाले श्याम लाल अग्रहरि मूल रूप से प्रतापगढ़ के डेरवा इलाके के रहने वाले थे। शिवगढ़ की रहने वाली कृष्णा देवी से शादी के बाद उन्हें ससुराल की गद्दी मिली तो करीब 50 बरस पहले वह यहीं आ गए। तब से उनका पूरा परिवार शिवगढ़ में ही रह रहा था।
श्याम लाल और कृष्णा देवी के चार बेटे हुए। संजय, रमेश, दिनेश और उमेश। श्याम लाल की मौत कई साल पहले ही हो गई थी। तीन वर्ष पहले तीसरे नंबर के बेटे दिनेश की मौत हो गई थी। संजय और रमेश घर पर रहकर खेती-बारी संभालते थे। चौथे नंबर का उमेश गुजरात में रहकर सब्जी बेचने का काम करता था। उमेश की शादी करीब सवा दो वर्ष पहले प्रिया से हुई थी।
उमेश और प्रिया के सवा वर्ष के बेटे ओजस का ही मुंडन समारोह था, जहां जाने के परिवार के नौ लोग गाड़ी से निकले थे। परिवार पर काल का ऐसा कहर टूटा कि श्याम लाल के चार बेटों में बड़े संजय की पत्नी रेखा, रमेश की पत्नी रेखा देवी और दिनेश की पत्नी कविता की मौत हो गई। हादसे में श्याम लाल की पत्नी कृष्णा देवी भी नहीं रहीं। रमेश की बेटी न्यासा और उमेश के बेटे ओजस की भी मौत हो गई। रेखा देवी और न्यासा मां-बेटी थीं।
सवा वर्ष का ओजस हादसे में चल बसा लेकिन उसके माता पिता उमेश और प्रिया गंभीर रूप से घायल हैं। ओजस का फुफेरा भाई ऋषभ प्रतापगढ़ के कटरा से मुंडन में शरीक होने आया था। वह भी गंभीर रूप से घायल है। गाड़ी चला रहे ड्राइवर इरशाद को भी गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।