प्रयागराज में अटाला में पथराव, आगजनी के रूप में मुसलमानों का गुस्सा यूं ही नहीं फूटा। इस गुस्से के इजहार को महीनों पहले से दिल में दबे गुबार का परिणाम माना जा रहा है। जुमे के दिन बाजार बंद और विरोध-प्रदर्शन किसके आह्वान पर किया गया? इसके पीछे किन संगठनों और लोगों की भूमिका हो सकती है, फिलहाल इसे लेकर न कोई इंतजामिया कमेटी बोलने के लिए तैयार है न कोई मुस्लिम धर्मगुरु। भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा द्वारा पैगंबर पर की गई विवादित टिप्पणी को लेकर मुसलमानों की नाराजगी किसी से छिपी नहीं है। लेकिन, कहा जा रहा है कि यह गुस्सा वर्ष भर पहले पुराने शहर के मिर्जा गालिब रोड स्थित मंसूर अली पार्क में एनआरसी और सीएए के विरोध में हुए जमावड़े के बाद से ही लोगों के दिलों में भरा हुआ था। इस बीच कानपुर हिंसा के बाद इस बार के जुमे पर विरोध स्वरूप बाजार बंद रखने और विरोध-प्रदर्शन की पिछले कई दिनों से बैठकें भी हुईं। हालांकि मुस्लिम धर्म गुरुओं ने जुमे की नमाज के बाद नमाजियों से अपने-अपने घरों में जाने और किसी प्रकार के उपद्रव को विफल करने के लिए बृहस्पतिवार को ही चेता दिया था।
विज्ञापन
2 of 5
prayagraj violence
- फोटो : अमर उजाला
धार्मिक उलेमाओं के साथ मुतवल्ली और सज्जादानशीनों के साथ बैठक कर आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की गई। इसी का परिणाम रहा कि नमाज शांति से अदा हो गई। लेकिन गुस्सा कम नहीं हुआ। अंतत: अटाला के पास नमाज के कुछ देर बाद ही जमावड़ा शुरू हो गया। पुलिस ने जब जमावड़ा रोकने और भीड़ को खदेड़ने की कोशिश की तो बवाल हो गया।
विज्ञापन
3 of 5
prayagraj violence
- फोटो : अमर उजाला
36 नामजद, एक हजार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
अटाला बवाल के मामले में देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस पर हमले के मामले में देर रात तक 36 नामजद व एक हजार अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। नामजद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। लेकिन अफसरों का कहना है कि गिरफ्तार लोगों की संख्या देर रात तक और बढ़ सकती है। अज्ञात आरोपियों को वीडियो व सीसीटीवी फुटेज से चिह्नित किया जा रहा है।
4 of 5
prayagraj violence
- फोटो : अमर उजाला
देर रात तक सभी नामजद आरोपी किए गए गिरफ्तार
अटाला बवाल के मामले में पुलिस की ओर से कुल तीन मुकदमे देर रात तक दर्ज किए गए थे। इनमें से दो खुल्दाबाद व एक करेली थाने में लिखी गई। तीनों मुकदमों में कुल मिलाकर 36 लोगों को नामजद किया गया है। यह सभी 36 लोग देर रात तक करेली, खुल्दाबाद के अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार किए गए। एक हजार अज्ञात हमलावरों को भी आरोपी बनाया गया है।
चार जिलों से बुलाई गई फोर्स
उधर मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रयागराज के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी फोर्स बुलाई गई है। पुलिस अफसरों ने बताया कि कौशाम्बी, प्रतापगढ़, फतेहपुर के साथ ही चित्रकूट जनपद की भी फोर्स को मौके पर बुलाया गया है। फोर्स को तीन शिफ्टों में 24 घंटे तैनात किया जाएगा। सर्विलांस कैमरों की मदद से इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर में बैठे पुलिसकर्मी अटाला व आसपास के इलाकों की 24 घंटे मॉनिटरिंग में लगे हुए हैं। पीएएस सिस्टमों से लगातार अपील की जा रही है कि किसी भी हाल में लोग माहौल न बिगड़ने दें।