प्रयागराज के भी रेड जोन में जाने का खतरा बन गया है। मात्र 10 दिनों मेें 17 नए मरीज सामने आए हैं। साथ ही सात नए हॉटस्पॉट भी बन गए हैं। मुश्किल यह कि कोरोना मरीजों के संपर्क में आने वाले संदिग्धों की लंबी सूची तो है ही, संवदेनशील राज्य महाराष्ट्र और गुजरात से रोजाना हजारों लोग आ रहे हैं। इससे संक्रमण फैलने की आशंका और बढ़ गई है। अफसरों का कहना है कि ऐसे में संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के निर्र्देशों का पूरी तरह से पालन करना होगा।
रेड जोन का निर्धारण केंद्र सरकार की ओर से किया जाता है। इसमें मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी, नए हॉटस्पॉट, संक्रमण का खतरा आदि पहलुओं को ध्यान में रखा जाता है। हालांकि, प्रयागराज की स्थिति को लेकर अफसर स्पष्ट तौर पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं, लेकिन जिले के रेड जोन में जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है। जिले में अब तक 31 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।