महाधिवक्ता कार्यालय में हुई अग्नि दुर्घटना के मामले में जांच पड़ताल शुरू हो गई है। इसके तहत पुलिस ने बिल्डिंग में सीसीटीवी कैमरों का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर(डीवीआर) भी कब्जे में ले लिया है। साथ ही इसे फोरेंसिक जांच के लिए लैब में भेज दिया है। यहां सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच होगी, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह महज एक हादसा था या इससे इतर भी किसी बिंदु पर जांच की आवश्यक्ता है।
सूत्रों का कहना है कि राहत कार्य के दौरान ही पुलिस ने मौकेपर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही इसके डीवीआर को भी कब्जे में ले लिया। सूत्रों का कहना है कि फिलहाल जो फुटेज देखी गई, उनमें कोई संदिग्ध गतिविधि बिल्डिंग के भीतर नहीं मिली है। फुटेज देखने का आशय यह था कि कहीं कोई व्यक्ति अनाधिकृत तौर से तो बिल्डिंग के भीतर नहीं प्रवेश कर गया था। फिलहाल ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है। हालांकि एहतियातन पुलिस अफसरों ने डीवीआर कब्जे में ले लिया। अफसरों का कहना है कि शाम को ही इसे सील कर जांच के लिए एफएसएल भेज दिया गया है। विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार करते वक्त फोरेंसिक लैब में हुई डीवीआर की जांच रिपोर्ट को भी समाहित किया जाएगा।