लॉकडाउन के बाद भी बाहर कमाने वाले लोगों के घर लौटने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। आर्थिक तंगी की मार झेल रहे लोग घरों की ओर चल पड़े हैं। रविवार की रात हैदराबाद से 14 सौ किमी का सफर मोपेड से तय कर सुल्तानपुर के आठ लोग यहां पहुंचे। पुलिस के रोकते ही उनकी आंखों से आंसू गिरने लगे। पुलिस ने सभी की जिला अस्पताल में जांच कराकर उन्हें भोजन कराया। साथ ही सभी को घर भेज दिया गया, जहां इन्हें क्वारंटीन किया जाएगा।
सुल्तानपुर के कूड़ेभार निवासी अनवर, पीपरपुर निवासी गुड्डू समेत आठ युवक रविवार की रात चार मोपेड से सुल्तानपुर की ओर जा रहे थे। भंगवाचुंगी चौराहे पर पुलिस ने सभी को रोक लिया। पुलिस के सवाल करने पहले से ही सभी रोने लगे। हालांकि मौके पर पहुंचे सीओ सिटी अभय पांडेय ने सभी को समझाते हुए कहा कि घबराने की कोई बात नहीं है। तब जाकर सभी ने हिम्मत जुटाकर अपना परिचय बताया। कहा कि वे लोग मोपेड से हैदराबाद से घर जा रहे हैं। वहां सब्जी का कारोबार करते थे। लॉकडाउन के बाद मकान मालिक किराया मांग रहा था।