नवाबगंज स्थित शृंग्वेरपुर घाट पर दफन शवों के ऊपर से चादर/कपड़े हटाए जाने के मामले में शुरू हुए हंगामे पर प्रकरण की जांच शुरू करा दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी व डीआईजी की ओर से प्रशासन व पुलिस की दो सदस्यीय संयुक्त जांच टीम गठित की गई है। कमेटी घटना के कथित वायरल वीडियो व अन्य बिंदुओं पर विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई भी सुनिश्चित करेगी।
इससे पहले शृंग्वेरपुर घाट पर दफन शवों के ऊपर पड़ी रामनामी चादरें हटाने से संबंधित वीडियो मंगलवार सुबह वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। इसमें कुछ लोग शवों के ऊपर पड़ी चादरें हटाते दिख रहे थे। कुछ ही देर में सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफार्म पर वीडियो वायरल हो गया और इसे लेकर ढेरों कमेंट भी आए।