फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chhath Puja 2022 : संगम पर सूर्योपासना के लिए उमड़ा जन सैलाब, अस्ताचलगामी सूर्य को प्रथम अर्घ्य

Sun, 30 Oct 2022 09:37 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

संगम से लेकर किला घाट तक कतारबद्ध वेदियों पर सौभाग्य का डाला सजाने के लिए दोपहर बाद से ही व्रती महिलाओं की भीड़ लगने लगी। पूजा के बाद सिर पर फलों, फूलों और पकवानों के प्रसाद से भरा डाला लेकर परिजन घरों से निकले।
विज्ञापन
1 of 18
Chhath Puja 2022 : प्रयागराज में संगम तट पर अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देतीं व्रती महिलाएं। - फोटो : अमर उजाला।
संगम पर रविवार की शाम छठ पर्व की छटा सूर्योपासना के लोकोत्सव के रूप में निखर कर हर किसी को निहाल कर गई। ढोल नगाड़े की गूंज के बीच गंगा जल के बीच खड़ी व्रती महिलाओं ने अखंड सुहाग, संतान और समृद्धि की कामना से अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया।


संगम से लेकर किला घाट तक कतारबद्ध वेदियों पर सौभाग्य का डाला सजाने के लिए दोपहर बाद से ही व्रती महिलाओं की भीड़ लगने लगी। पूजा के बाद सिर पर फलों, फूलों और पकवानों के प्रसाद से भरा डाला लेकर परिजन घरों से निकले। नए परिधानों में सज धज कर व्रतियों की भीड़ इसी तरह घाटों पर पहुंचती रही। वहां वेदियों पर गन्ने के मंडप के बीच दीप जलाकर भगवान भास्कर की आराधना शुरू हो गई।
विज्ञापन

2 of 18
Chhath Puja 2022 : प्रयागराज में बलुआ घाट पर अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देतीं व्रती महिलाएं। - फोटो : अमर उजाला।
माथे पर अखंड सौभाग्य के रूप में सिंदूर का टीका लगाकर व्रती महिलाएं सूर्यास्त की प्रतीक्षा करती रहीं। रविवार की शाम सर्व मंगल की कामना के लिए गंगा-यमुना के तटों पर आस्था का सैलाब उमड़ा तो कुछ देर के लिए भक्ति का सागर इसी तरह उमड़ने-घुमड़ने लगा। भगवान भास्कर के अस्त होने से पहले ही संगम पर ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ आतिशबाजी होने लगी और डूबते सूर्य को अपनी-अपनी कामनाओं के अर्घ्य समर्पित किए जाने लगे।
विज्ञापन

3 of 18
Chhath Puja 2022 : प्रयागराज में बलुआ घाट पर अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देतीं व्रती महिलाएं। - फोटो : अमर उजाला।
षष्ठी मइया की आराधना की गीतों के साथ लोक उत्सव की छटा निहारने के लिए तांता लगा रहा।इसी तरह रामघाट, दशाश्वमेध घाट, शंकर घाट के अलावा अरैल और झूंसी में भी गंगा-यमुना के तटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए व्रतियों की भीड़ लगी रही। एक तरफ अर्घ्यदान और दूसरी ओर ढोल-नगाड़ों पर व्रतियों के परिजन थिरकते नजर आए। तटों पर हर तरफ उत्सवी माहौल रहा।  

4 of 18
Chhath Puja 2022 : प्रयागराज में बलुआ घाट पर अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देने के लिए जुटे श्रद्धालु। - फोटो : अमर उजाला।
संगम पर टेंट लगाकर व्रतियों ने परिजनों के साथ वेदियों पर किया कैंप
सूर्य षष्ठी की आराधना के लोकोत्सव संगम पर भक्ति के रंग में खूब गाढ़ा हुआ। रविवार की शाम प्रथम अर्घ्य देने के बाद बड़ी तादाद में व्रती महिलाएं अपनी वेदियों पर अखंड दीप जलाकर रात भर आराधना में जुटी रहीं। इस दौरान जगह-जगह टेंट लगाकर व्रतियों ने परिजनों के साथ वेदियों पर कैंप किया। रात भर छठ माता की स्तुति होती रही और मंगल कामना के गीत गूंजते रहे।
विज्ञापन

5 of 18
Chhath Puja 2022 : प्रयागराज में बलुआ घाट पर अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देने के लिए जुटे श्रद्धालु। - फोटो : अमर उजाला।
डाला छठ पर झूंसी के गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब 

डाला छठ पर्व पर रविवार की शाम झूंसी के गंगा घाटों पर डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। झूंसी के तीन घटों पर डाला छठ का पूजन किया गया। इसके लिए झूंसी के गंगा घाटों पर प्रशासन की ओर से विशेष तैयारियां की गईं थीं। इससे पहले छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को सिद्धयोग व तथा रवियोग में खरना के पूजा के बाद व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू किया था। खीर और रोटी का महाप्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती दो दिनों के लिए भगवान भास्कर के भक्ति में लीन हो गईं हैं।
विज्ञापन

6 of 18
Chhath Puja 2022 : प्रयागराज में बलुआ घाट पर अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देने के लिए जुटे श्रद्धालु। - फोटो : अमर उजाला।
रविवार को कार्तिक शुक्ल षष्ठी को सर्वार्थसिद्धि योग व रवियोग में अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया। शाम को अर्घ्य के लिए शुभ मुहूर्त शाम 05:32 से 05:45 बजे तक था। सोमवार को धृति योग व रवियोग में उदीयमान सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य देकर व्रती महापर्व का समापन करेंगी। प्रात: कालीन अर्घ्य का शुभ समय 06:27 बजे से 06:43 बजे तक है।
विज्ञापन

7 of 18
Chhath Puja 2022 : प्रयागराज में बलुआ घाट पर अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देने जाते श्रद्धालु। - फोटो : अमर उजाला।
झूंसी में छतनाग गंगा घाट, सोहम आश्रम के सामने गंगा घाट तथा पुरानी झूंसी कोहना के गंगा घाट पर रविवार को व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। गंगा घाटों पर दोपहर तकरीबन ढाई बजे से ही व्रती महिलाएं और उनके परिजन पूजन के लिए जुटने लगे थे।

8 of 18
Chhath Puja 2022 : प्रयागराज में बलुआ घाट पर अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देने जाते श्रद्धालु। - फोटो : अमर उजाला।
तकरीबन एक घंटे बाद शाम चार बजे इन गंगा घाटों पर तिल रखने की भी जगह नहीं थी। व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। झूंसी के छठ घाटों के आसपास रंग-बिरंगी रोशनी भी लगाई गई थी। गंगा नदी के किनारे बैरिकेडिंग भी की गई थी। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल को भी तैनात किया गया था। 

9 of 18
Chhath Puja 2022 : प्रयागराज में बलुआ घाट पर अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देने जाते श्रद्धालु। - फोटो : अमर उजाला।
रूद्रा संगम सोसायटी में स्वीमिंग पूल में किया गया छठ पूजन 
सरायनायत स्थित रुद्रा संगम सोसायटी में व्रती महिलाओं ने स्वीमिंग पुल के पानी में खड़े होकर डाला छठ का पूजन किया। रुद्रा संगम की अंत:वासी महिलाओं ने पूजन से पहले स्वीमिंग पुल की सफाई भी कराई थी। रविवार की शाम को यहां रहने वाली व्रती महिलाओं ने पूरी आस्था और विधि विधान के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इसके पहले शनिवार को खरना पर आंगन में ईंट या मिट्टी निर्मित चूल्हे पर लकड़ी के ईंधन से शुद्ध घी में ठेकुआ प्रसाद तैयार किया गया था। इसके बाद फलों को साफकर दउरी व सूप में सजाकर अखंड ज्योति जलाई गई। आज दोपहर में व्रती महिलाएं हाथ में दिए और पुरुष सिर पर दउरी लेकर गीत गाते हुए स्वीमिंग पूल तक पहुंचे। छठ पूजा की व्रती महिला रेखा सिंह, सुनीता सिंह, प्रभा सिंह, आशा सिंह के साथ मीरा यादव, सावित्री सिंह, रेखा श्रीवास्तव आदि मौजूद रहीं।

10 of 18
Chhath Puja 2022 : प्रयागराज में संगम तट पर अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देने के लिए जुटी भीड़। - फोटो : अमर उजाला।
पूर्व विधायक नीलम करवरिया ने रखा छठ व्रत
इलाके में महिलाओं ने रविवार को छठ का व्र्रत रखा। इस दौरान महिलाओं ने पुत्र की लंबी आयु के लिए डूबते सूूर्य को अर्घ्य दिया। मेजा के मंदिरों में भी महिलाओं की काफी भीड़ देखी गई। पर्व को लेकर मेजा एसडीएम विनोद कुमार पांडेय, सीओ विमल किशोर मिश्र, मेजा थाने के इंस्पेक्टर ज्ञानेश्वर मिश्र इलाके में बने रहे। मेजा की पूर्व विधायक नीलम करवरिया ने भी छठ का व्रत रखा। उन्होंने कहा कि सूर्य से श्रृष्टि है। सूर्य ही जीवन है। छठ पर्व सूर्य की विराट प्रकाशमय चेतना के प्रति कृतज्ञता का उत्सव है।

11 of 18
Chhath Puja 2022 : प्रयागराज में बलुआ घाट पर अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देने के लिए जुटी भीड़। - फोटो : अमर उजाला।
छठ घाटों पर गूंजे छठी मईया के गीत
सूर्य उपासना के पर्व छठ पर रविवार की शाम महिलाओं ने अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया। खरना के बाद शुरू हुए 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत के दौरान महिलाओं ने परिवार के आरोग्य एवं समृद्धि की कामना की। इसके लिए कोरांव गांधी चौराहे के पास, देवीबांध, नीबी मरहला, लेड़ियारी में व्रतियों ने पानी में घंटों खड़े रहकर सूर्यदेव की साधना की। यहां पूजन स्थल पर जरूरी इंतजाम किए गए थे। घाटों पर छठी मईया की भक्ति के गीत गूंजे। इसी घाट पर सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजन किया जाएगा। इसके साथ ही चार दिन के महापर्व का समापन होगा। 

12 of 18
Chhath Puja 2022 : प्रयागराज में बलुआ घाट पर अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देने के लिए जुटी भीड़। - फोटो : अमर उजाला।
छठ गीतों से भक्तिमय हुआ फूलपुर घियानगर 

फूलपुर में छठ का पर्व रविवार को धूमधाम से मनाया गया। व्रती महिलाओं ने सुबह स्नान के बाद ठेकुआ प्रसाद तैयार किया और घाट पर पहुंचकर शाम को डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर घर लौटीं। इफको फूलपुर इकाई के घियानगर स्थित आवासीय परिसर में भी महिलाएं जलाशय पहुंचीं और अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य दिया। 


इफको में रविवार को छठ महापर्व पर व्रतियों ने सुबह स्नानादि के बाद घर के बाहर एवं आंगन में लीप कर मिट्टी के चूल्हे पर घी में ठेकुआ प्रसाद तैयार किया। फलों को साफ कर दउरी व सूप में सजाकर अखंड ज्योति रखी गई। दोपहर दो बजे के बाद व्रती महिलाएं हाथ में दीया और पुरुष सिर पर दउरी लेकर गीत गाते घाट के लिए निकले। घाट पर पुरुषों द्वारा जलाशय के किनारे पहले से तैयार की हुई वेदी पर पूजन सामग्री रखी गई।


महिलाओं ने पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। सोमवार प्रात: उगते सूरज को अर्घ्य दिया जाएगा। छठ पूजा में व्रती महिलाओं के साथ ही इफको की प्रथम महिला विनीता कुदेशिया, इकाई प्रमुख संजय कुदेशिया, महाप्रबंधक गिरिधर मिश्रा, एसके सिंह, दानवीर सिंह, शंभूशेखर, संजय मिश्रा आदि मौजूद रहे।   

13 of 18
Chhath Puja 2022 : प्रयागराज में बलुआ घाट पर अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सिंदूर लगाती व्रती - फोटो : अमर उजाला।
आस्था के साथ मनाया गया लोक महापर्व छठ 
लोक महापर्व छठ क्षेत्र में आस्था के साथ मनाया गया। क्षेत्र के मंगल पार्क के तालाब, बहरैचा, पुरादत्तू,  ढेरहन, पौंशला, ऊंचगाव, खीरी नहर, डीही पटका, जागतारा, बाबूतारा, कंचनपुर नहर, कल्याणपुर में महिलाओं ने व्रत रखकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। पर्व को लेकर इन स्थानों पर साफ-सफाई, विद्युत व सुरक्षा के व्यवस्था प्रशासन की ओर से की गई थी।

14 of 18
Chhath Puja 2022 : प्रयागराज में बलुआ घाट पर अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सिंदूर लगाती व्रती - फोटो : अमर उजाला।
अरैल घाट पर अस्ताचलगामी सूर्य को महिलाओं ने दिया अर्घ्य
सूर्य उपासना से जुड़े चार दिवसीय छठ पूजा के तीसरे दिन रविवार को अरैल घाट पर व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। घाट पर पर्व को लेकर चारों तरफ लोगों की भारी भीड़ रही। घाट पर फैले कीचड़ के कारण यहां आने वाले लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। अरैल घाट पर सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी, विधायक पीयूष रंजन निषाद भी पूजा में शामिल हुए। 

15 of 18
Chhath Puja 2022 : प्रयागराज में बलुआ घाट पर अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सिंदूर लगाती व्रती - फोटो : अमर उजाला।
यमुनापार के अरैल व महेवा यमुना घाट पर छठ पर्व को लेकर बड़ी संख्या में लोग पूजा करने इकट्ठा होते हैं। अरैल पक्का घाट से लेकर सच्चा बाबा आश्रम तक व्रती महिलाएं अपने परिवार के साथ दोपहर को ही पहुंच गईं थीं। घाट पर वेदी बनाने के बाद समूह में महिलाएं मंगलगीत गाते हुए छठी मईया की आराधना कर रहीं थीं। इसके बाद नदी में खड़े होकर व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय पर्व का समापन हो जाएगा।

पर्व को लेकर घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम दिखाई पड़ा। घाट के पहले ही चार पहिया व दो पहिया वाहनों को रोक दिया गया था। अरैल घाट पर महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी, सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी व विधायक पीयूष रंजन निषाद भी पूजा में शामिल होने पहुंचे।

17 of 18
Chhath Puja 2022 : नैनी के अरैल घाट पर उमड़ी भारी भीड़। - फोटो : अमर उजाला।
व्रती महिलाओं ने महापौर को सिंदूर लगाया। पूर्वांचल महासमिति के लोग घाट पर सक्रिय रहे और लोगों की मदद करते नजर आए। इस मौके पर समिति अध्यक्ष अरुण यादव, संजय श्रीवास्तव, सरदार पतविंदर सिंह, दयानंद पांडेय, विजय सिंह, एसपी सिंह, प्रमोद सिंह, पप्पू सिंह,  आलोक सिंह, पवन यादव आदि मौजूद रहे। 
विज्ञापन

18 of 18
Chhath Puja 2022 : नैनी के अरैल घाट पर उमड़ी भारी भीड़। - फोटो : अमर उजाला।
अरैल घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक इंतजाम किया गया था। नगर निगम की ओर से साफ सफाई की गई थी। घाट पर रंगोली बनाकर व्रती महिलाओं ने पूजन किया और अस्ताचल गामी सूर्य को अर्घ्य दिया। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें