माफिया अतीक अहमद के खिलाफ यूं तो सौ से अधिक मामले दर्ज हैं, लेकिन पहली बार किसी मुकदमे में फैसला आने जा रहा है। उमेश पाल अपहरणकांड में अदालत मंगलवार को फैसला सुनाएगी। उसके खिलाफ जितने मामले चल रहे हैं, अधिकांश में गवाह मुकर चुके हैं। उमेश पाल ने अपने अपहरण के मामले को लगभग अंजाम तक पहुंचा दिया, लेकिन फैसले से एक महीने पहले उनकी हत्या कर दी गई।
अतीक के खिलाफ कुल 101 मुकदमे दर्ज हुए। वर्तमान में कोर्ट में 50 मामले चल रहे हैं, जिनमें एनएसए, गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे हैं। उस पर पहला मुकदमा 1979 में दर्ज हुआ था। इसके बाद जुर्म की दुनिया में अतीक ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। हत्या, लूट, रंगदारी अपहरण के न जाने कितने मुकदमे उसके खिलाफ दर्ज होते रहे। मुकदमों के साथ ही उसका राजनीतिक रुतबा भी बढ़ता गया।