फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक्सप्रेस-वे पर काल बनी रफ्तार: चीख-पुकार और मासूमों की सिसकियों से दहला सादाबाद; छह की मौत पर खौफनाक था मंजर

Thu, 05 Mar 2026 02:50 PM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस

सार

मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह एक स्लीपर कोच निजी बस ने आगे जा रही ईको कार में टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 10 लोग घायल हो गए। 
विज्ञापन
1 of 14
हादसे में क्षतिग्रस्त ईको वैन व बस - फोटो : संवाद
यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार की तड़के रफ्तार काल बनकर उतरी। हाथरस के सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ी हरिया के निकट एक तेज रफ्तार स्लीपर कोच बस ने आगे चल रही ईको वैन में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि जिसने भी देखा, उसकी रूह कांप गई। सड़क पर बिखरा सामान, खून के धब्बे और अपने माता-पिता के शवों के पास बिलखते मासूमों की सिसकियों ने प्रत्यक्षदर्शियों की आंखें नम कर दीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको वैन में सवार यात्री सड़क पर इधर-उधर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद खामोश हाईवे चीखों से गूंज उठा। वैन का एक हिस्सा पूरी तरह पिचक गया था, जिसमें कई यात्री फंस गए। सबसे हृदयविदारक दृश्य तब दिखा जब सड़क पर एक दंपति का शव पड़ा था और उनके छोटे-छोटे बच्चे उन्हें उठाने की कोशिश करते हुए बिलख रहे थे।
 
विज्ञापन

2 of 14
विजय और पिंकी का फाइल फोटो। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पीछे से आ रहे वाहन चालकों और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मोर्चा संभाला। लोगों ने साहस दिखाते हुए क्षतिग्रस्त वैन में फंसे घायलों को बाहर निकालना शुरू किया। मासूम बच्चों के शरीर पर चोट के निशान और उनके चेहरों पर खौफ साफ देखा जा सकता था। 

 
विज्ञापन

3 of 14
एक्सप्रेसवे हादसे में छह लोगों की माैत। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सूचना मिलते ही एक्सप्रेस-वे की राहत टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को सीएचसी खंदौली भिजवाया गया। हादसे ने न केवल कई परिवारों को उजाड़ दिया, बल्कि व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए। राहत कार्य के दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मी और राहगीर भी बच्चों का दुख देखकर खुद को संभाल नहीं पा रहे थे।

4 of 14
हादसे में क्षतिग्रस्त बस - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
टक्कर लगते ही विपरीत दिशा में घूम गई इको वैन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही तेज रफ्तार बस ने पीछे से इको वैन में जोरदार टक्कर मारी, वैन अनियंत्रित होकर घूम गई। वैन आगरा की ओर जा रही थी, लेकिन टक्कर के बाद उसका अगला हिस्सा नोएडा की दिशा की ओर हो गया।

 
विज्ञापन

5 of 14
भाई-भाभी की मौत पर बिलखता संजय - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हादसे में वैन का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। लोहे की चादरें मुड़ गईं और वाहन का ढांचा पूरी तरह पिचक गया। वहीं बस का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे साफ जाहिर है कि टक्कर कितनी जबरदस्त रही होगी। संवाद


 
विज्ञापन

6 of 14
पिंकी की फाइल फोटो - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
किसी पर नहीं मिला आधार, मोबाइल भी टूट गए
हादसे के दो घंटे बाद तक पुलिस मृतकों की शिनाख्त नहीं कर सकी थी। सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस को मृतकों की जेब टटोलनी पड़ी, लेकिन किसी के पास से आधार या अन्य कोई पहचान पत्र नहीं मिला। दो मोबाइल फोन मिले, वे भी टूटे हुए और काम नहीं कर रहे थे। पुलिस ने दोनों मोबाइलों से सिम निकालीं और दूसरे मोबाइल में डालीं। इसके बाद सर्विलांस की मदद से कॉल रिकॉर्ड के जरिये लास्ट डायल पर कॉल कर इनकी पहचान की गई।
विज्ञापन

7 of 14
विजय की फाइल फोटो - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
टक्कर के बाद 200 मीटर तक कार को घसीट ले गई बस
चालक वीरेंद्र ने बताया कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर वह अपनी ईको कार को सही दिशा व सही स्पीड से चलाकर आगरा की तरफ जा रहा था। तभी पीछे से नोएडा की तरफ से वोल्वो बस तेज गति से आई। वीरेंद्र ने बताया कि उन्होंने अपनी कार को बचाने के लिए बाईं तरफ में पट्टी के पास कर लिया, लेकिन फिर भी बस का चालक जानबूझकर खतरनाक एवं जानलेवा तरीके से बस को उनकी कार के पीछे दौड़ाता रहा। लगातार पीछा करने पर वीरेंद्र बांयी साइड का इंडीकेटर देकर निर्धारित गति से चलने लगे।

8 of 14
दिनेश चंद्र की फाइल फोटो - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इसके बाद भी बस के चालक ने बस को ईको से सटाकर दाहिनी ओर से पहली लेन में लेने का प्रयास किया। इस प्रयास में तेज रफ्तार बस ने उनकी कार में टक्कर मार दी। चालक ने बताया कि लगभग 200 मीटर तक गाड़ी सड़क पर घिसटती हुई चली गई। अचानक लगी धमक से वह बेहोश हो गए। जब होश आया तो हर तरफ खून बिखरा था और वह बुरी तरह वैन में फंसे हुए थे।

9 of 14
हादसे में क्षतिग्रस्त बस - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना एक्सप्रेस-वे पर बस ने कार को रौंदा, छह लोगों की मौत
यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह एक स्लीपर कोच निजी बस ने आगे जा रही ईको कार में टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 10 लोग घायल हो गए। हादसे के शिकार हुए लोग राजाखेड़ा धौलपुर और आगरा के रहने वाले हैं। ये दिल्ली और नोएडा से अपने गांव लौट रहे थे। तेज रफ्तार पर बस चालक के ओवरटेक करने को दुर्घटना की वजह बताया जा रहा है।

 

10 of 14
हाथरस में हादसे के बाद एंबुलेंस से घायलों को लेकर जाते कर्मचारी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हादसा मंगलवार तड़के 4:15 बजे सादाबाद क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 141 पर गांव हरिया गढ़ी के पास हुआ। पुलिस के अनुसार ईको कार एक्सप्रेस-वे की दूसरी लेन में चल रही थी, उसके पीछे नोएडा से आगरा होते हुए ग्वालियर जा रही बस भी इसी लेन में थी। अचानक चालक ने तेज गति पर बस को कार के नजदीक से ओवरटेक करने का प्रयास किया। इस दौरान बस ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क पर लहराते हुए घिटसती हुई चली गई और पलट गई। हादसे के बीद चीख-पुकार मच गई।

11 of 14
छह की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर रोते परिजन - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बस की सवारियों ने ही चालक-परिचालक को दबोच लिया। एकत्रित लोगों ने पुलिस को खबर दी। सूचना पर हाईवे की क्रेन व एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। कार में बच्चों सहित करीब 16 लोग सवार थे। इनमें तीन महिलाओं सहित छह लोगों की मौत हो गई।

 

12 of 14
हाथरस में हादसे के बाद मौके पर पुलिस - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हादसे के करीब आधा घंटे बाद घायल व मृतकों को बाहर निकाला गया और हाईवे की एंबुलेंस से ही सीएचसी खंदौली ले जाया गया। हादसे में दस लोग घायल हुए, जिनमें से नौ को आगरा ले जाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेस-वे से हटाकर यातायात सुचारू कराया। एएसपी रामानंद कुशवाहा व एसडीएम सादाबाद मनीष चौधरी ने घटनास्थल का जायजा लिया। बस के दोनों चालकों व परिचालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
 

13 of 14
हादसे में क्षतिग्रस्त बस - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ईको चालक ने दर्ज कराई एफआईआर
ईको चालक वीरेंद्र ने बस चालक अरशद निवासी गोकलपुर, नई दिल्ली, सह चालक जगतार निवासी ध्यानसर, कारथोली बड़ी, बड़ी ब्राह्मणा, साम्बा जम्मू-कश्मीर और परिचालक कृष्णा मिश्रा बड़ी बुल्लई, धानेपुर, गोंडा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वीरेंद्र ने बताया कि बस पीछे से काफी तेजी से आ रही थी। उसे बायीं ओर का इंडीकेटर देकर दूसरी लेन से हटने का प्रयास किया, लेकिन बस ने रफ्तार कम नहीं की और टक्कर मार दी।

 
विज्ञापन

14 of 14
छह की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस में गमगीन परिजन - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
घटना दुखद है। ईको वैन में 16 व्यक्ति थे। इनमें से छह लोगों की मौत हो गई। घायलों को सीएचसी ले जाया गया, जहां से आगरा भेजा गया है। बस के दोनों चालकों व परिचालक को हिरासत में ले लिया है। रिपोर्ट दर्ज की गई है। बस संचालन को लेकर जानकारी की जा रही है। कमी पाए जाने पर बस मालिक व संबंधित कर्मचारियों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ओवरस्पीडिंग व ओवर टेक के कारण यह दुर्घटना हुई है। - चिरंजीवनाथ सिन्हा, एसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें