अलीगढ़ में भाजपा नेता सोनू चौधरी की हत्या के मामले में नई जानकारी सामने आई है। सोनू गांव की रंजिश में बचाव के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट लाए थे। अलीगढ़ में पांच में दो हत्याओं की वारदात हुई हैं।
विज्ञापन
1 of 13
अलीगढ़ में भाजपा नेता की हत्या
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अपने अलीगढ़ में अचानक से ये क्या हो रहा है। इसे जरायम पेशेवरों का दुस्साहस कहें या कानून के प्रति बेखौफ होना। दिनदहाड़े गोलियां चल रही हैं। हत्याएं हो रही हैं। पांच दिन में हुई ताजा दो घटनाओं में तो पिस्टलों की मैग्जीन तक खाली कर दी गईं।
लाडले बिल्डर को पांच गोलियां मारी गई थीं तो शुक्रवार को सोनू को सात गोलियां मारी गई हैं। जिस तरह से वारदात हो रही हैं उससे लगता है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ रह नहीं गया है।
विज्ञापन
2 of 13
अलीगढ़ में बिल्डर पर हमला
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एडीएम कंपाउंड रोड पर बरसाईं थीं बिल्डर पर गोलियां
पहली घटना बीते सोमवार को एडीएम कंपाउंड रोड पर हुई। जिसमें लाडले बिल्डर को पांच-पांच गोलियां मारकर छलनी किया गया। बाइक सवार हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया था। घटना को उस समय अंजाम दिया गया, जब वे नमाज पढ़कर बेटी को लेने कोचिंग जा रहे थे। इस घटना के बाद इस पॉश इलाके में दहशत के हालात बने। कहने को बिल्डर को बृहस्पतिवार को मृत घोषित किया गया। मगर चिकित्सक और परिजन पहले दिन से यह जानते थे कि इनका बचना मुश्किल है।
विज्ञापन
3 of 13
अलीगढ़ में भाजपा नेता की हत्या
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अब सोनू पर कार में ही बरसाईं गईं गोलियां
इसी तरह अब शुक्रवार को दूसरी घटना तालानगरी क्षेत्र में हुई। जिसमें प्रापर्टी डीलर सोनू पर कार में ही ताबड़तोड़ सात-सात गोलियां मारी गई। इस घटना से भी दहशत कायम करने का प्रयास किया गया। दोनों ही घटनाओं में इतनी फायरिंग की जबरदस्त चर्चा है। लोग कह रहे हैं कि ताबड़तोड़ कई कई राउंड फायरिंग कर दहशत कायम करने व दुस्साहस दिखाने का प्रयास किया गया है। जो अपने आप में एक सवाल है।
4 of 13
मौके पर जांच के लिए पहुंची पुलिस की टीम
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अरसे बाद हुई इस तरह की हत्याएं
ऐसा नहीं कि अलीगढ़ में पहले कभी दिनदहाड़े इस तरह हत्याएं नहीं हुई। एक दौर ऐसा भी रहा कि इसी रामघाट रोड पर एक ही गैंगवार में ताबड़तोड़ फायरिंग कर क्रमवार हत्याएं हुई। एक हत्या में तो कारबाइन तक के प्रयोग की चर्चा रही। मगर पिछले लंबे समय से इस तरह के अपराध में काफी गिरावट आई। इसी का परिणाम रहा कि एक जनवरी से 30 जून तक के तीन वर्ष के तुलनात्मक आंकड़ों पर ध्यान दें तो इस वर्ष जून तक कुल 18 हत्याएं दर्ज हुईं, जबकि 2024 में 24 व 2023 में 34 हत्याएं इस अवधि में दर्ज हुई।
विज्ञापन
5 of 13
शैलेंद्र सिंह उर्फ सोनू चौधरी की फाइल फोटो
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गांव की रंजिश में बचाव के लिए लाए थे बुलेटप्रूफ जैकेट
सोनू चार भाइयों में तीसरे नंबर के थे। उनके सबसे बड़े भाई देवेंद्र गांव में खेतीबाड़ी देखते हैं। दूसरे नंबर के राजेश का अपना तालानगरी में रॉलिंग मिल था। उनसे छोटे सोनू प्रापर्टी और ट्रांसपोर्ट व्यापार संभालते थे, जबकि तीसरे संजय नोएडा में जॉब करते हैं।
विज्ञापन
6 of 13
गोली लगने से कार के शीशे में हुए छेद
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सोनू के ही खानदानी नवल सिंह के परिवार से राजेश की तालानगरी में एक प्लाट खरीदने के विवाद में रंजिश हुई। इसी रंजिश में 18 अप्रैल 2015 की शाम राजेश की कारखाने से गांव जाते समय कोंडरा रोड पर हत्या हुई। इसके बाद सोनू व देवेंद्र अपने लिए एक बुलेटप्रूफ जैकेट लेकर आए थे।
विज्ञापन
7 of 13
मौके पर जांच के लिए पहुंचे पुलिस अधिकारी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इसी साल 30 दिसंबर को देवेंद्र को गोली मारी गई। मगर वह बुलेटप्रूफ जैकेट के चलते बच गए। राजेश की हत्या के तीन नामजद मेघराज, हरिओम व यतेंद्र को 2023 में आजीवन कारावास की सजा हुई। जो अब जमानत पर हैं।
8 of 13
गोली लगने से कार के शीशे में हुए छेद
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इधर राजेश की हत्या के बदले में दूसरे पक्ष के करीबी रवि की 20 मार्च 2016 को तालानगरी में हत्या हुई। उसमें देवेंद्र जेल गए थे। इसके अलावा राजेश की हत्या के दो नामजदों सहित 4 स्कार्पियो सवार लोगों की 5 नवंबर 2015 में रामघाट रोड पर तालसपुर के पास ट्रक की चपेट में आकर मृत्यु हुई थी। उसमें तमाम चर्चाएं हुई थीं।
9 of 13
शैलेंद्र सिंह उर्फ सोनू चौधरी की फाइल फोटो
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इस वर्ष की दिनदहाड़े हुई हत्याएं
19 फरवरी को पिसावा दमुआंका के हिस्ट्रीशीटर राजू की शूटरों ने की गोली मारकर हत्या, साथी हुआ घायल।
01 मार्च को एएमयू परिसर में एएमयू के ही छात्र मो. कैफ की छात्र गुटों की लड़ाई में चाकुओं से गोदकर हत्या।
14 मार्च की तड़के रोरावर इलाके की गैंगवार में गैंगस्टर हारिस की हत्या, सात गोलियां मारी गई थी उसे।
16 मार्च की शाम को केला नगर इलाके में टिर्री चालक की मामूली विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई।
06 जून की शाम जाकिर नगर इलाके में नमाज पढ़कर घर जा रहे टीचर आमिर की एलानिया गोली मारकर हत्या।
21 जुलाई की दोपहर एडीएम कंपाउंड रोड पर लाडले बिल्डर की पांच गोलियां मारकर हत्या की गई।
10 of 13
गाड़ी की सीट पर पड़ा खोखा
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
यह महज एक इत्तेफाक है। ऐसा नहीं कि अपराध का ग्राफ बढ़ा है। समय-समय पर उतार चढ़ाव नजर आते हैं। उसी क्रम में ये घटना हुई हैं। हमारी टीमों ने प्रयास कर इस तरह की सभी घटनाओं का खुलासा किया है। इस घटना को भी जल्द खुलासा कर आरोपी पकड़े जाएंगे। - संजीव सुमन, एसएसपी
11 of 13
aligarh murder
- फोटो : अमर उजाला
भाजयुमो के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष की गोलियों से भूनकर हत्या
अलीगढ़ के तालानगरी इलाके में शुक्रवार सुबह सांसद के करीबी, भाजयुमो के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष एवं प्रॉपर्टी डीलर सोनू चौधरी (45) की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत फैल गई। बाइक सवार दो हमलावरों ने गांव से निकलते ही कार सवार प्रॉपर्टी डीलर को रोककर दिनदहाड़े इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। प्रॉपर्टी डीलर को सात गोलियां मारी गई। वारदात की खबर पर एसएसपी सहित पुलिस टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई। हालांकि शाम तक परिवार की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई थी, मगर पुलिस की तीन टीमें पुरानी रंजिश, व्यापारिक व राजनीतिक पहलुओं पर जांच कर रही हैं।
12 of 13
गोली लगने से कार के शीशे में हुए छेद
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सांसद का करीबी माना जाता था सोनू
सोनू चौधरी हरदुआगंज मंडल में भाजयुमो का मंडल उपाध्यक्ष रह चुका था। हरदुआगंज क्षेत्र में तालानगरी से सटे गांव कोंडरा के शैलेंद्र सिंह उर्फ सोनू चौधरी पेशे से प्रॉपर्टी डीलर था। साथ में उसका अपना ट्रांसपोर्ट का भी व्यापार था। भाजपा से जुड़ा सोनू सांसद सतीश गौतम का काफी करीबी माना जाता था। सीओ सदर धनंजय के अनुसार, परिवार वालों से अब तक जो जानकारी मिली है है उसके मुताबिक सुबह करीब 9:30 बजे सोनू अपनी क्रेटा कार में सवार होकर गांव से निकला।
अलीगढ़ में भाजपा नेता की हत्या
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
दूसरा हमलावर ड्राइवर साइड खिड़की के सहारे खड़ा रहा
गांव से 200 मीटर निकलते ही तालानगरी एरिया में गांव के मोड़ पर बाइक सवार दो युवक उसे मिले, उसे देख सोनू ने गाड़ी रोक ली। इसके बाद एक बाइक सवार गाड़ी में जाकर बगल वाली सीट पर बैठ गया, जबकि दूसरा ड्राइवर साइड खिड़की के सहारे खड़ा रहा। उनमें कुछ देर बातचीत भी हुई। इसी बीच दोनों हमलावरों ने सोनू पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटनास्थल पर एक दर्जन राउंड फायरिंग के सबूत मिले हैं। सोनू को कुल सात गोलियां लगीं। इसके बाद हमलावर भाग गए।