पूरे प्रदेश में आसमान से केवल दो शहरों में अंगारों की बारिश हो रही है। झांसी और आगरा को छोड़कर पूरे सूबे में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से कम है। ताजनगरी में शुक्रवार को पारा 41 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य से 7 डिग्री ऊपर है। हालांकि शहर में भी कई जगह ऐसी रहीं, जहां तापमान अलग-अलग दर्ज किया गया। दयालबाग शहर में ठंडा रहा, जहां तापमान 39.6 डिग्री तक रहा तो संजय प्लेस और एयरफोर्स केंद्र पर तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दयालबाग में हरियाली ज्यादा होने के कारण पारा कम रहा, जबकि संजय प्लेस में कंक्रीट का जंगल और कंक्रीट की इमारतों के दहकने के कारण ज्यादा गर्मी बनी रही। शहर में पालीवाल पार्क, दयालबाग, शाहजहां पार्क, ताजमहल के पास नेचर वॉक जैसा हराभरा क्षेत्र संजय प्लेस और पुराने शहर के बाजारों से ठंडा रहा। इन जगहों में पारा 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।