आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र में टेंट व्यापारी बॉबी (28) की हत्या के मामले में उसकी पत्नी प्रीति ने मोहल्ले के ही दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बॉबी परिवार के साथ प्रकाश नगर में एक मकान में किराये पर रहता था। शुक्रवार रात को उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने शनिवार को शव को पोस्टमार्टम कराया। मृतक के परिजन शाम तकरीबन चार बजे पोस्टमार्टम के बाद शव को राम नगर पुलिया पर ले आए। उन्होंने सड़क पर शव रख दिया, जिससे जाम लग गया।
मृतक की पत्नी प्रीति अपने बच्चों के साथ सड़क पर बैठ गई। वह पति के शव से लिपट फूट-फूटकर रोई। उसकी मांग थी कि आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। सूचना पर थाने से फोर्स पहुंची। पुलिस ने लोगों को हटाने का प्रयास किया। इस पर लोग भड़क गए। खींचतान होने लगी।