फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Vasant Panchami 2021: ब्रज के मंदिरों में छाएगी होली की उमंग, 40 दिन तक बिखरेंगे आस्था के रंग

Mon, 15 Feb 2021 08:42 PM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मथुरा
विज्ञापन
1 of 6
वसंत पंचमी 2021 - फोटो : Amar Ujala
वसंत पंचमी पर मंगलवार को होली का डांढ़ा गढ़ने के साथ ही भगवान श्रीकृष्ण के ब्रज में 40 दिवसीय होली महोत्सव की शुरुआत हो जाएगी। विश्वप्रसिद्ध लठामार होली का डांढ़ा झंडा पूजन के साथ गढ़ेगा। इस अवसर पर बरसाना स्थित लाडलीजी के महल (राधारानी मंदिर) को वसंती रंग में रंगा जाएगा। वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी भक्तों संग होली खेलेंगे। आस्था के इस दिव्य रंग में सराबोर होने के लिए देश ही नहीं बल्कि विदेशों से हजारों भक्त ठाकुरजी के दर्शन करने मथुरा-वृंदावन पहुंचेंगे। 
विज्ञापन

2 of 6
बरसाना की लठामार होली (फाइल) - फोटो : Amar Ujala
ब्रज मंडल में वसंत पंचमी को होली का डांढ़ा गाढ़ने की परंपरा के साथ ही रंगोत्सव शुरू हो जाएगा। मंदिरों में ढप की थापों पर होली के गीतों का गायन, समाज गायन के साथ शुरू होने वाला उल्लास बरसाना में लठामार होली के साथ ही अपने शिखर पर पहुंच जाता है। 40 दिन तक चलने वाला रंगों का यह उत्सव बलदेव में हुरंगा के साथ ही संपन्न होता है। लाडली मंदिर के सेवायत नत्थू गोस्वामी ने बताया कि बरसाना के गोस्वामीजनों द्वारा समाज गायन के दौरान आपस में गुलाल लगाकर इस महोत्सव का शुभारंभ किया जाता है।  
विज्ञापन

3 of 6
द्वारिकाधीश मंदिर - फोटो : अमर उजाला
वसंत पंचमी से मथुरा के ठाकुर द्वारिकाधीश मंदिर में होली के कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि सब जगह केवल होली होती है और ब्रज में होरा होता है। होरा से तात्पर्य है कि होली के कार्यक्रम पूरे ब्रज मंडल में 40 दिन तक चलते हैं और वसंत पंचमी के दिन ठाकुरजी पीत वस्त्र धारण करेंगे। उनके समक्ष अबीर, गुलाल सेवित करना प्रारंभ हो जाएगा। इसी श्रृंखला में पूर्णिमा तिथि के दिन होली का डांढ़ा गढे़गा और उससे अगले दिन पड़वा तिथि के दिन से प्रतिदिन राजभोग के दर्शन सुबह 10 से 11 बजे तक ब्रज के सुप्रसिद्ध रसियाओं का गायन प्रारंभ होगा।

4 of 6
प्राचीन केशव देव मंदिर - फोटो : अमर उजाला
प्राचीन ठाकुर श्रीकेशव देव मंदिर में वसंत उत्सव धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। ठाकुरजी को पीले वस्त्र धारण कराए जाएंगे, वहीं भगवान चांदी के सिंहासन पर जगमोहन में अपनी सखियों के साथ विराजमान होंगे। मंदिर के मीडिया प्रभारी नारायण शर्मा ने बताया कि वसंत पंचमी पर मंदिर को वसंती लाइट से सजाया गया है वहीं सायंकाल भव्य फूलबंगला सजेगा एवं छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे। दर्शन शाम 4 से रात 10 बजे तक होंगे। 
विज्ञापन

5 of 6
बांकेबिहारी मंदिर में होली के रंगों की वर्षा (फाइल) - फोटो : अमर उजाला
वसंत पंचमी पर वृंदावन के श्रीबांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी महाराज भक्तों के साथ गुलाल की होली खेलेंगे। इस दिन मंदिरों में ठाकुरजी को गुलाल अर्पण कर, रसिया, फाग के पद, धमार, होली गीतों का गायन शुरू होगा। मंदिरों में दर्शन के लिए आने वाले भक्तों पर भी प्रसाद रूप में गुलाल डाला जाएगा। ब्रज में 40 दिन तक होली महोत्सव का आनंद लेने देश ही नहीं विदेशों से भक्त ब्रज पहुंचते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
बांकेबिहारी मंदिर, वृंदावन। - फोटो : अमर उजाला
दीपक ज्योतिष भागवत संस्थान मथुरा के निदेशक ज्योतिषाचार्य कांमेश्वर चतुर्वेदी ने बताया कि इस वर्ष 16 फरवरी मंगलवार को शुभ योग में वसंत पंचमी का पर्व मनाया जाएगा। बुध, बृहस्पति, शुक्र और शनि चार ग्रहों की युति में यह पर्व मनाया जाएगा। बृहस्पति और शुक्र दोनों ग्रह अस्त रहेंगे। इससे विश्व पटल के कई देशों के लिए राजनीतिक वातावरण विक्षुब्ध, संघर्षपूर्ण, अशांति प्रद रहेगा। पूजा अर्चना करने से विद्यार्थियों के लिए नई आशा एवं सफलता की किरण दिखाई देगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें